पोर्टल बंद नहीं हुआ तो प्रदेशभर में आंदोलन करेंगे:अर्जुन चौटाला ने 25 क्विंटल प्रति एकड़ की कैपिंग पर उठाए सवाल; CJP के प्रदर्शन का समर्थन किया

पोर्टल बंद नहीं हुआ तो प्रदेशभर में आंदोलन करेंगे:अर्जुन चौटाला ने 25 क्विंटल प्रति एकड़ की कैपिंग पर उठाए सवाल; CJP के प्रदर्शन का समर्थन किया

INLD नेता और रानियां विधानसभा क्षेत्र से विधायक चौधरी अर्जुन चौटाला शनिवार को अंबाला कैंट की अनाज मंडी पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों से बातचीत कर धान खरीद और उठान में आ रही समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मंडियों में धान की समय पर लिफ्टिंग नहीं हो रही। नमी के नाम पर किसानों के पैसे काटे जा रहे हैं और फसल बेचने के लिए पोर्टल पर फिंगरप्रिंट जैसी प्रक्रिया से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सरकार ने इन समस्याओं का समाधान नहीं किया तो INLD प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी। चौटाला ने कहा कि पार्टी लगातार सरकार से पोर्टल व्यवस्था बंद करने की मांग कर रही है। इसके लिए पार्टी ने जिला स्तर पर डीसी के माध्यम से ज्ञापन देने का फैसला किया था। INLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला राज्यपाल को भी ज्ञापन देने पहुंचे थे। इसके बावजूद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस बार सरकार को आखिरी चेतावनी देगी। यदि पोर्टल व्यवस्था बंद नहीं हुई, समय पर लिफ्टिंग शुरू नहीं हुई और किसानों का पूरा धान नहीं खरीदा गया तो किसानों के साथ मिलकर प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। नमी के नाम पर कटौती की बजाय ड्राइंग यूनिट लगाएं चौटाला ने कहा कि मंडियों में नमी के नाम पर किसानों के पैसे काटे जा रहे हैं। सरकार को कटौती करने की बजाय मंडियों में धान सुखाने के लिए ड्राइंग यूनिट लगाने चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश की किसी मंडी में ऐसा यूनिट क्यों नहीं लगाया गया। किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने प्रति एकड़ 25 क्विंटल की कैपिंग पर भी सवाल उठाए। चौटाला ने कहा कि यदि किसान ज्यादा फसल पैदा करता है तो भी उसे परेशानी उठानी पड़ती है। सरकार की ऐसी व्यवस्था किसानों के हित में नहीं है। एक जिले का किसान दूसरे जिले में फसल नहीं बेच सकता पोर्टल व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चौटाला ने कहा कि किसानों को बार-बार फिंगरप्रिंट देने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि किसान कोई गलत काम नहीं कर रहे, फिर भी उन्हें इस तरह परेशान किया जा रहा है कि एक जिले का किसान दूसरे जिले में अपनी फसल बेचने में भी दिक्कत महसूस कर रहा है। हरियाणा के सभी किसान प्रदेश के ही हैं, इसलिए उनके साथ ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंडियों में मौजूद किसानों से खरीद, उठान या अन्य किसी तरह की परेशानी सामने आने पर उसे उजागर करने की अपील की। चौटाला ने कहा कि दक्षिण हरियाणा में बाजरे की लिफ्टिंग की समस्या है, जबकि दूसरे जिलों में धान का उठान नहीं हो रहा। प्रदेश का किसान सरकार की व्यवस्थाओं से परेशान है। CJP प्रदर्शन का समर्थन, बोले- वोट का अधिकार सबसे अहम CJP के प्रदर्शन को लेकर चौटाला ने कहा कि INLD ने इसका खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि वह CJP के समर्थन में आने वाले देश के पहले विधायक हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं। वोट देने का अधिकार नागरिकों का मौलिक अधिकार है और यदि इस अधिकार पर चोट होती है तो राजनीतिक संगठनों की जिम्मेदारी है कि वे इसके खिलाफ आवाज उठाएं। चौटाला ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट काटने की प्रक्रिया से लोगों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार, INLD का समर्थन सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं, बल्कि लोगों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए है। कार्यकर्ता की गिरफ्तारी पर सरकार को घेरा चौटाला ने आरोप लगाया कि CJP के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे INLD के एक कार्यकर्ता को घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने सरकार को डरपोक बताते हुए कहा कि विरोध की आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। चौटाला ने कहा कि वह जेल जाने से नहीं डरते और अपने हकों की लड़ाई जारी रखेंगे। अपराध बढ़ने के लिए सरकार की व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया हरियाणा में बढ़ते अपराध को लेकर चौटाला ने कहा कि अपराध रोकने की जिम्मेदारी पुलिस की है, लेकिन पुलिस को नागरिकों और प्रदर्शनकारियों को रोकने में लगाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे अपराध नियंत्रण प्रभावित हो रहा है। चौटाला ने कहा कि प्रदेश के छोटे-बड़े व्यापारियों को धमकियां मिलने की खबरें चिंताजनक हैं और सरकार को इस दिशा में गंभीरता से काम करना चाहिए। कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले से ही बंटी हुई है। इसका नुकसान प्रदेश के लोगों को हुआ है और अब पार्टी को खुद भी इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *