बुलंदशहर में भाजपा की ओर से संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत नुमाइश रोड स्थित खालसा मांटेसरी स्कूल में शनिवार को ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रंगोली बनाई गई और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए। मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष शशि शर्मा रहीं। कार्यक्रम की संयोजिका एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री कल्पना वर्मा ने आयोजन के उद्देश्य बताए। विकास चौहान ने कहा कि जनसेवा और राष्ट्रसमर्पण की भावना से समाज के सभी वर्गों का उत्थान संभव है। स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दे रही हैं। शशि शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन से महिलाएं समाज और राष्ट्र की प्रगति में भागीदारी निभा रही हैं। कल्पना वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा की भावना को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं की प्रतिभा और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करना है। रंगोली और स्टॉलों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता और महिला स्वावलंबन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री संतोष राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी अभिनव वर्मा, नोडल अधिकारी सूबेदार सिंह, शिक्षा विभाग से चिंतन चौधरी सहित प्रीति, रुचि, लीना, शबनम, जेबा, पूनम सिंह, नीरू गौतम, विजयलक्ष्मी, दीपा समेत भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की पदाधिकारी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।

