पेंड्रा-रतनपुर मार्ग पर अमरपुर गांव के पास बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात कोयले से लदे दो ट्रेलरों की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। इसके बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर कोयला लेकर जा रहे थे। अमरपुर के पास उनकी सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ट्रेलर का ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल ड्राइवर को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। वाहनों की लंबी कतार, बड़े वाहन फंसे देर रात से ही रास्ता पूरी तरह बंद होने के कारण बड़ी संख्या में यात्री और वाहन चालक परेशान होते रहे। भारी ट्रक सड़क पर आड़े-तिरछे फंसे थे। छोटे वाहन तो किसी तरह साइड से निकल रहे थे, लेकिन बड़े वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए। सुबह तक सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नो-एंट्री खत्म होते ही ट्रेलर ड्राइवर तेज रफ्तार में गाड़ियां चलाते हैं। इसी वजह से आए दिन ऐसे हादसे होते रहते हैं।

