मेरठ के रेलवे रोड थाना क्षेत्र में सिटी स्टेशन तिराहे पर रविवार रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। एक बाइक पर दो युवक और दूसरी पर एक व्यक्ति सवार था। हादसे में तीनों घायल हो गए। घायल युवकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि अकेला बाइक सवार रॉन्ग साइड से आ रहा था और उसने शराब पी रखी थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद वह खुद को पुलिसकर्मी बताकर रौब झाड़ने लगा। जिला अस्पताल में भी पुलिसकर्मियों पर उसी घायल का पक्ष लेने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों के मुताबिक, रविवार रात दोनों युवक बाइक से सिटी स्टेशन तिराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक बाइक सवार रॉन्ग साइड से आया और उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर में दोनों युवक और दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि अकेले बाइक चला रहे व्यक्ति ने शराब पी रखी थी। हालांकि, इसकी पुष्टि पुलिस या मेडिकल रिपोर्ट से होना बाकी है। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक दरोगा ने एंबुलेंस को सूचना दी। परिजनों के मुताबिक, एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची तो पुलिस जीप से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। कुछ ही देर में घायल दोनों युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का आरोप- पुलिसकर्मी ने मारी टक्कर
अस्पताल पहुंचने के बाद घायलों के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि रॉन्ग साइड से बाइक लेकर आया व्यक्ति खुद को पुलिस विभाग में होने की बात कहकर रौब झाड़ रहा था। परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में मौजूद कुछ पुलिसकर्मी भी उसी के पक्ष में खड़े दिखाई दिए। पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप
परिजनों ने कहा कि हादसे में उनके दोनों युवक भी घायल थे, लेकिन उनके आरोप के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने दूसरे बाइक सवार के प्रति ज्यादा नरमी दिखाई। यहां तक कि उपचार में भी पक्षपात का आरोप लगाया गया। परिजनों का कहना था कि दोनों घायल युवक अस्पताल में मौजूद होने के बावजूद पहले दूसरे बाइक सवार का उपचार कराया गया। इन आरोपों को लेकर जिला अस्पताल में काफी देर तक हंगामा होता रहा। परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। परिजन लगातार हादसे की निष्पक्ष जांच और रॉन्ग साइड से बाइक चलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। मेडिकल के लिए ले जाने पर फिर भड़के परिजन
हंगामे के बीच घायल बाइक सवार को मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप था कि पुलिसकर्मी उसे बिना किसी कार्रवाई के अपने साथ ले जा रहे हैं। इस पर वे फिर भड़क गए और पुलिसकर्मियों से सवाल-जवाब करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक हुई। वहीं, पुलिसकर्मियों ने घायल बाइक सवार से किसी भी तरह का संबंध होने के आरोप से इनकार किया। उनका कहना था कि घायल को चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत ले जाया जा रहा था। पुलिस की ओर से घायल के पुलिसकर्मी होने की पुष्टि भी नहीं की गई।

