मंदसौर के पिपलियामंडी पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक कीपेड मोबाइल भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार को पिपलियामंडी पुलिस टीम गांवों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नगर परिषद पिपलियामंडी के संपवेल के पास आम रोड पर ओवरब्रिज की तरफ से एक युवक पीठ पर काले रंग का पिट्ठू बैग लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा युवक
पुलिस की गाड़ी देखकर युवक अचानक वापस मुड़ा और हाईवे रोड स्थित ओवरब्रिज की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान करण पिता कान्तीलाल भील (23), निवासी धामेड़ी, थाना पिपलौदा, जिला रतलाम के रूप में हुई। उसके बैग की तलाशी लेने पर 1 किलो अफीम मिली। पुलिस ने अफीम और कीपेड मोबाइल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने पिपलियामंडी थाने में केस नंबर 264/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/18 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अफीम कहां से लाया था और इसे किसे देने जा रहा था। मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं।

