Pune Warje Malwadi Crime: पुणे के वारजे-मालवाड़ी इलाके में एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में घर आए एक 30 वर्षीय युवक ने मटन पकाने की जिद की, जिसके बाद उसका अपने माता-पिता से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पिता ने कथित तौर पर बेटे के सिर और चेहरे पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह घटना 24 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे रामनगर इलाके में हुई। मृतक की पहचान महेश गायकवाड़ (30) के रूप में हुई है। वारजे-मालवाड़ी पुलिस ने इस मामले में उसके पिता भागवत गायकवाड़ (64) और मां पार्वती गायकवाड़ (60) को गिरफ्तार किया है।
मटन पकाने की जिद को लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, महेश की करीब 10 साल पहले शादी हुई थी। वह कथित तौर पर शराब का आदी था और कोई नियमित काम नहीं करता था। इसी वजह से उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। कुछ दिन पहले ही दोनों का तलाक हुआ था। पत्नी अपने दो बच्चों के साथ मायके चली गई थी।
महेश अकेला रहता था और खाना खाने के लिए पास में रहने वाले अपने माता-पिता के घर जाता था। पुलिस के अनुसार, वह अक्सर शराब के नशे में घर लौटने के बाद नॉन वेज खाना बनाने की मांग करता था।
फिलहाल मराठी भाषी लोगों का सावन महिना चल रहा था, इसलिए परिवार में नॉन वेज खाना नहीं बनाया जा रहा था। सोमवार की रात साढ़े दस बजे भी महेश शराब के नशे में घर पहुंचा और नॉन वेज खाना बनाने की जिद करने लगा। माता-पिता ने सावन के कारण नॉन वेज खाने से मना किया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
पिता ने सिर और चेहरे पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में भागवत गायकवाड़ ने अपने बेटे महेश के सिर और चेहरे पर जोरदार हमला किया। इस मारपीट में महेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसकी मां पार्वती पर कथित तौर पर पति को बचाने और मामले को छिपाने का प्रयास करने का आरोप है।
पति को बचाने के लिए मां ने मिटाए सबूत
पुलिस के अनुसार, महेश की मौत के बाद उसकी मां पार्वती ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। आरोप है कि उसने घटनास्थल पर मौजूद खून के निशान साफ कर दिए, ताकि किसी को मारपीट का शक न हो। इस मामले में पुलिस ने पिता के खिलाफ बेटे की हत्या और मां के खिलाफ कथित तौर पर सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
बड़े भाई की शिकायत के बाद खुला मामला
महेश के बड़े भाई ने वारजे-मालवाड़ी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और महेश के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

