पीलीभीत के जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह ट्रेन से कटकर 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शव ललौरी खेड़ा पुलिस चौकी के पास फ्लाईओवर के नजदीक रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। करीब 7 घंटे बाद शाम 4 बजे मृतक की पहचान नीतेश के रूप में हुई। सुबह रेलवे ट्रैक पर मिला शव घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे की है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर युवक का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए। कई घंटों की कोशिश के बाद मृतक की पहचान नीतेश पुत्र पोथीराम के रूप में हुई। वह ग्राम गुलड़िया जाफरपुर, थाना जहानाबाद का रहने वाला था। गांव-गांव जाकर कपड़े बेचता था युवक पुलिस के अनुसार, नीतेश परिवार का गुजारा चलाने के लिए गांव-गांव जाकर कपड़े बेचता था। युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव देखकर बिलख पड़े। हादसा या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस थाना अध्यक्ष जयशंकर सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नीतेश किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक तक पहुंचा। युवक की मौत हादसे में हुई या उसने आत्महत्या की, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।

