पीटीआई अवधेश का शव गांव पहुंचा:पानीपत में गोली मारकर हत्या हुई थी, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की

पीटीआई अवधेश का शव गांव पहुंचा:पानीपत में गोली मारकर हत्या हुई थी, परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की

शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी पीटीआई अवधेश (36) का शव पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार दोपहर गांव पहुंचा। पानीपत जिले में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों ने शव से लिपटकर विलाप किया, जिसे देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार अवधेश की हत्या की खबर के बाद से ही गांव में शोक का माहौल था। शुक्रवार को शव पहुंचने के बाद माहौल और गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। परिजनों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इसके बाद गमगीन माहौल में अवधेश का अंतिम संस्कार कर दिया गया। दो दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं, परिजनों में रोष अवधेश की हत्या के दो दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में रोष है। उनका आरोप है कि पानीपत पुलिस लगातार जल्द कार्रवाई का आश्वासन दे रही है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों ने पानीपत पुलिस से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने, सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। परिवार के लोगों ने बताया कि वे शुक्रवार को पानीपत पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग करेंगे। साहिल हिरासत में, अन्य लोगों की भूमिका पर भी शक अवधेश के भाई विक्रांत और अन्य परिजनों ने बताया कि पानीपत पुलिस ने साहिल को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूछताछ के आधार पर जल्द हत्याकांड का खुलासा करने की बात कही जा रही है। परिजनों को आशंका है कि हत्या में साहिल के अलावा अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने पुलिस से सभी संदिग्धों की भूमिका की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। बहन की शादी के लिए निकाले थे 23.45 लाख विक्रांत के मुताबिक, अवधेश अपनी बहन की शादी के लिए करीब 23.45 लाख रुपए लेकर घर से निकले थे। हत्या के बाद से यह रकम भी लापता बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस से रकम की बरामदगी के साथ ही हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
8 अगस्त को घर से निकले थे अवधेश परिजनों के अनुसार, अवधेश 8 अगस्त को घर से निकले थे। बाद में उन्होंने फोन पर साहिल के साथ होने की जानकारी दी थी। इसके बाद पानीपत के बापौली क्षेत्र में खोजकीपुर के पास उनका गोली लगा शव मिला था। घटना के बाद पानीपत पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। हॉकी के खिलाड़ी भी थे अवधेश अवधेश नौकरी के साथ खेलों से भी जुड़े हुए थे। वह हॉकी के खिलाड़ी थे। परिजनों के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2016 और 2017 में हॉकी के क्षेत्र में पुरस्कार भी जीते थे। वह दिल्ली के लक्ष्मीनगर स्थित सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पीटीआई के पद पर कार्यरत थे। परिजनों का कहना है कि अवधेश की हत्या से परिवार ने अपना सहारा खो दिया है। अब उनकी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करे, आरोपियों को गिरफ्तार करे और लापता 23.45 लाख रुपए भी बरामद करे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *