‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय गोमती नगर के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को भव्य प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे थे। प्रभात फेरी केंद्रीय विद्यालय गोमती नगर से शुरू होकर अमर शहीद मनोज पांडे चौराहे तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यालय स्टाफ शामिल हुआ। तिरंगा लेकर कदम से कदम मिलाते विद्यार्थियों ने लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। रास्ते में देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा। प्राचार्य संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के प्रति सम्मान और तिरंगे के प्रति गौरव की भावना मजबूत करना रहा।प्राचार्य संजीव अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा सिर्फ हमारी पहचान नहीं, बल्कि देश की एकता और गौरव का प्रतीक है। विद्यार्थियों के मन में देशप्रेम की भावना जगाना हम सभी की जिम्मेदारी है।


