पाकिस्तान पर India का Bulldozer Action, Delhi में Pakistan High Commission के बाहर बने अवैध ढांचे ध्वस्त

पाकिस्तान पर India का Bulldozer Action, Delhi में Pakistan High Commission के बाहर बने अवैध ढांचे ध्वस्त
पाकिस्तान पर मुंहतोड़ कार्रवाई करते हुए भारत ने उसकी अनधिकृत व्यवस्था पर बुलडोजर कार्रवाई कर बेहद सख्त संदेश दिया है। हम आपको बता दें कि नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर तय और अनुमत सीमा से बाहर बनाए गए ढांचों को भारतीय अधिकारियों ने आज ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान वीजा सेक्शन के पास लगाए गए क्यू मैनेजमेंट बैरियर, बाहरी शेड, रेलिंग, बैरिकेड और अन्य अस्थायी संरचनाओं को जेसीबी की मदद से हटा दिया गया।
यह कार्रवाई पाकिस्तान हाई कमीशन की अनुमत सीमा के बाहर सार्वजनिक लेन में किए गए अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर की गई। कार्रवाई के बाद इलाके में टूटे हुए लोहे के गेट और रेलिंग, मुड़े हुए मेटल फ्रेम, टिन की छतें, ईंटें और कंक्रीट व प्लास्टर का मलबा बिखरा दिखाई दिया। तस्वीरों और वीडियो में पाकिस्तान हाई कमीशन के वीजा सेक्शन के आसपास बने बाहरी ढांचे पूरी तरह ध्वस्त नजर आए। हालांकि, हाई कमीशन की मुख्य इमारत और मुख्य प्रवेश द्वार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। सफेद दीवारों, गुंबदनुमा संरचना और पाकिस्तानी प्रतीक वाले मुख्य गेट अपनी जगह सुरक्षित रहे।

इसे भी पढ़ें: ‘जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है’, अमेरिकी राजदूत Sergio Gor के बयान पर तिलमिलाया पाकिस्तान, प्रभारी को किया तलब

मलबे के बीच वीजा सेवा खिड़कियां भी दिखाई दीं, जिन पर “Window 1”, “Pakistani Passport Only” और “Window-5 / Collection of Visa Applications” जैसे बोर्ड लगे थे। हालांकि आसपास की बाहरी संरचनाओं के टूटने से कुछ हिस्सों में प्लास्टर और चिनाई भी क्षतिग्रस्त दिखाई दी। बताया जा रहा है कि भारतीय एजेंसियों ने हाई कमीशन के बाहर लगाए गए ट्रैफिक बोलार्ड और बैरिकेड्स को भी हटा दिया। देखा जाये तो इस पूरी कार्रवाई का संदेश साफ है कि भारत अपनी राजधानी में किसी भी विदेशी मिशन को निर्धारित सीमा से बाहर अनधिकृत ढांचे या व्यवस्थाएं बनाने की अनुमति नहीं देगा।
हम आपको यह भी बता दें कि यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाए थे। ऐसे में नई दिल्ली की इस कार्रवाई को भारत की ओर से नियमों के सख्त और स्पष्ट अनुपालन के साथ ही एक्शन के रिएक्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। बहरहाल, भारत ने इस कार्रवाई के जरिये साफ संकेत दिया है कि भारतीय कानून और निर्धारित नियमों के उल्लंघन पर किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *