पाकिस्तान (Pakistan) में आतंकवाद (Terrorism) बढ़ता ही जा रहा है। जिस आतंकवाद को फलने-फूलने में पाकिस्तान ने मदद की, अब उसी आतंकवाद के दलदल में पाकिस्तान खुद भी धंस चुका है। आतंकवाद की वजह से पाकिस्तान में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। आतंकी सिर्फ जनता ही नहीं, बल्कि सेना और पुलिस को निशाना बनाने से भी पीछे नहीं हटते। ऐसे में पाकिस्तानी सेना भी आतंकियों के खिलाफ अक्सर ही कार्रवाई करती है। अब पाकिस्तानी सेना ने बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत के खारान (Kharan) और वाशुक (Washuk) जिलों में आतंकियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की है।
11 आतंकियों को मार गिराया
बलूचिस्तान प्रांत के खारान और वाशुक जिलों में आतंकियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सेना ने 11 आतंकियों को मार गिराया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस – आईएसपीआर (Inter-Services Public Relations – ISPR) ने बयान जारी करते हुए इस बारे में जानकारी दी। 6 और 7 सितंबर को पाकिस्तानी सेना ने यह कार्रवाई की।
इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस ने बताया कि 6 सितंबर को खारान जिले में जब कुछ आतंकी सड़क पर रुकावट डालकर ट्रैफ़िक में बाधा डालने की कोशिश कर रहे थे, तो सेना ने उन्हें रोका और इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 8 आतंकी मारे गए।
वहीँ 7 सितंबर को वाशुक जिले में एक सेना ने आतंकियों के एक ठिकाने पर छापा मारा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच ज़बरदस्त गोलीबारी हुई, जिसमें 3 आतंकी मारे गए। इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस ने इस बारे में जानकारी दी।
2.9 टन विस्फोटक किया बरामद
इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस ने अपने बयान में बताया कि सेना ने छापेमारी के दौरान आतंकी ठिकाने से 2.9 टन विस्फोटक भी बरामद किया इस विस्फोटक का इस्तेमाल इम्प्रोवाइज़्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बनाना और आतंकी साजिशों को अंजाम देना था।
चलाया जा रहा है सैनिटाइज़ेशन ऑपरेशन
इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस ने बताया कि बलूचिस्तान में कई जगह सेना द्वारा सैनिटाइज़ेशन ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिससे आतंकियों को ढूंढकर उन्हें मार गिराया जा सके। बलूचिस्तान में आतंकवाद की वजह से स्थिति काफी खराब है। इसके अलावा बलूचों की पाकिस्तानी सरकार और सेना के प्रति नाराज़गी की वजह से भी प्रांत में शांति फैली हुई है।

