पाकिस्तान (Pakistan) की सेना को एक बार फिर आतंकियों के खिलाफ कामयाबी मिली है। खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत में तेज़ी से बढ़ रहे आतंकवाद के खिलाफ सेना ने भी सैन्य अभियान तेज़ कर दिया है। इसी अभियान के तहत सेना ने आज, गुरुवार, 8 अक्टूबर को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान जिले में आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की।
9 आतंकियों का किया खात्मा
पाकिस्तानी सेना ने आज खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए सैन्य अभियान में 9 आतंकियों को मार गिराया। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस – आईएसपीआर (Inter-Services Public Relations – ISPR) ने इस बारे में जानकारी दी। मारे गए आतंकियों में 4 मुख्य कमांडर भी शामिल हैं। इन आतंकी कमांडरों की पहचान हो गई है और इनके नाम खालिद रज़ा, कामरान, मूसा और मफतून बताए जा रहे हैं। यह सैन्य अभियान उत्तरी वजीरिस्तान जिले के पलंगजई, नदीम कोट और कोट खिजरी इलाकों में चलाया गया था।
भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद
इंटर-सर्विसेज़ पब्लिक रिलेशंस ने बताया कि पाकिस्तानी सेना के सैन्य अभियान में मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। इनका इस्तेमाल प्रांत में आतंकी गतिविधियों के लिए किया जाना था।
कई आतंकी ठिकानों को सेना ने किया तबाह
पाकिस्तानी सेना ने अपने सैन्य अभियान के तहत न सिर्फ आतंकियों का सफाया किया, बल्कि उनके कई ठिकानों को भी तबाह कर दिया। सेना ने ऐसा इसलिए किया जिससे उन ठिकानों का फिर से इस्तेमाल न किया जा सके।
क्या कहा पीएम और राष्ट्रपति ने?
पाकिस्तानी पीएम शहबाज़ शरीफ (Shehbaz Sharif) और राष्ट्रपति आसिफ अली ज़रदारी (Asif Ali Zardari) ने भी सेना के इस सैन्य अभियान पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। दोनों ने अलग-अलग बयानों में सेना की तारीफ की। दोनों ने ही कहा कि आतंकवाद को खत्म करने और देश में स्थायी शांति सुनिश्चित करने की सेना के पास पूरी क्षमता है।
किस संगठन के थे आतंकी?
बताया जा रहा है कि जिन 5 आतंकियों को पाकिस्तानी सेना ने मार गिराया, वो तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी टीटीपी (Tehreek-e-Taliban Pakistan aka TTP) संगठन के सदस्य थे। खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी काफी ज़्यादा एक्टिव है और उसका नेटवर्क पूरे प्रांत में फैला हुआ है।

