Jodhpur Teacher Assault Case: लोहावट (जोधपुर): जोधपुर जिले के लोहावट ब्लॉक स्थित एक सरकारी विद्यालय में छात्रा के साथ शिक्षक की ओर से मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया है। यह मामला पाबड़ों की ढाणी स्थित राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का है।
वायरल वीडियो में शिक्षक छात्रा के सिर पर पीछे से वार करता नजर आ रहा है। इसके बाद वह छात्रा की चोटी पकड़कर उसे घुमाता है और उसके साथ मारपीट करता रहता है। घटना कुछ दिन पुरानी बताई जा रही है। छात्रा के चाचा की रिपोर्ट पर लोहावट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, राजस्थान पत्रिका वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।
वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल पहुंचे ग्रामीण
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। विरोध जताने के लिए ग्रामीण विद्यालय पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने घटना पर आक्रोश जताते हुए शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग भी की। ग्रामीणों का कहना था कि मामले में उचित कार्रवाई होनी चाहिए। घटना को लेकर विद्यालय परिसर में विरोध का माहौल रहा।
छात्रा के चाचा की रिपोर्ट पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में छात्रा के चाचा की ओर से पुलिस को रिपोर्ट दी गई है। इसके आधार पर लोहावट पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना कुछ दिन पुरानी बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया और ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
शिक्षा विभाग की टीम पहुंची, उचित कार्रवाई का भरोसा
मामले की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग की टीम विद्यालय पहुंची। लोहावट के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेश पाबूसर और जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। टीम हिंदुकुमार व्यास के नेतृत्व में विद्यालय पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने ग्रामीणों की बात सुनी और मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। घटना के बाद ग्रामीण शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। वहीं, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

