‘पहले अयोध्या, अब काशी… भाजपा की विदाई तय’, UP MLC चुनाव नतीजों पर बोले कांग्रेस नेता

‘पहले अयोध्या, अब काशी… भाजपा की विदाई तय’, UP MLC चुनाव नतीजों पर बोले कांग्रेस नेता

कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने यूपी एमएलसी चुनाव पर कहा,”…काशी ने साफ संदेश पूरे उत्तर प्रदेश को दे दिया है। पहले अयोध्या ने दिया, अब काशी विश्वनाथ ने दिया। भारतीय जनता पार्टी का उत्तर प्रदेश से जाना तय है और उसका उदाहरण है लोकसभा में अयोध्या और विधानसभा से पहले काशी। जब महाकाल का आशीर्वाद हो, श्री रामचंद्र का आशीर्वाद हो तो उत्तर प्रदेश में हमें जीतने से कोई रोक नहीं सकता।”

बता दें कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल के आकलन के लिहाज से अहम माने जा रहे विधान परिषद के शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की है।

जीत के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा के दोनों सीटें जीतने के दावे खोखले साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भरोसा जताया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रचार का भी चुनाव में असर नहीं हुआ।

लाल बिहारी यादव ने चुनाव के दौरान प्रशासन पर अपने समर्थकों को परेशान करने का आरोप भी लगाया। उनका दावा है कि कुछ लोगों को घरों में नजरबंद किया गया, जबकि कुछ पर स्कूलों से बाहर नहीं निकलने का दबाव बनाया गया। इन आरोपों पर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

वहीं, वाराणसी स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा और भाजपा के केदार सिंह के बीच मुकाबला है। यहां प्रथम वरीयता के मतों की गिनती शुरू होने की जानकारी दी गई है। इस सीट का परिणाम आज आने की संभावना जताई गई है। फिलहाल, शेष निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है। अंतिम नतीजों के बाद ही सभी 11 सीटों पर भाजपा, सपा और अन्य प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *