सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत भयानक हत्याकांड के साथ हुआ है। पन्ना पुलिस ने बृजपुर थाना क्षेत्र के लुहरगई-सिलपुरा मार्ग के पास जंगल में मिले संदीप गौड़ के शव के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी (लड़की के मामा) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया गया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह चौहान ने बताया कि ग्राम नानकी निवासी संदीप गौड़ की दोस्ती सोशल मीडिया और मोबाइल के जरिए दूसरे गांव की एक लड़की से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी। जब इस बात का पता लड़की के मामा नीरज उर्फ नल्लू गौड़ (26 वर्ष, निवासी लुहरगई) को चला, तो उसने अपनी भांजी और संदीप को बात करने से मना किया। इसके बावजूद संदीप ने लड़की से संपर्क बनाए रखा, जो आरोपी मामा को बिल्कुल पसंद नहीं आया। इसके बाद मामा ने संदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। ऐसे दिया घटना को अंजाम घटना वाले दिन संदीप अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से लड़की के गांव पहुंचा था। उसके दोस्तों ने उसे गांव के बाहर छोड़ दिया। गुस्से में भरे मामा ने अपनी भांजी से फोन करवाकर संदीप को देर रात घर के पीछे खेतों की तरफ मिलने बुलाया। संदीप जैसे ही तय जगह पर पहुंचा, वहां पहले से छिपे बैठे आरोपी नीरज उर्फ नल्लू गौड़ और उसके साथी राजबहादुर गौड़ ने उसे पकड़ लिया। आरोपियों ने संदीप को खींचकर पास के जंगल में ले जाकर भारी पत्थरों से उसके सिर और चेहरे पर लगातार हमला कर उसकी हत्या कर दी। चट्टानों की दरार में छिपाई लाश, पत्थरों से ढका हत्याकांड को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से आरोपियों ने संदीप के शव को दो बड़ी चट्टानों के बीच मौजूद गहरी खाई/दरार में धकेल दिया और ऊपर से भारी-भरकम पत्थर रख दिए ताकि किसी की नजर न पड़े। जब संदीप 9 सितंबर को घर नहीं लौटा, तो उसकी मां माया गौड़ ने 10 सितंबर को बृजपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। 12 सितंबर को पुलिस को तलाशी के दौरान जंगल में पत्थरों के नीचे दबा संदीप का शव बरामद हुआ। नाबालिग समेत मामा कोर्ट में पेश पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखी और पूछताछ में पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने नीरज उर्फ नल्लू गौड़ (उम्र 26 वर्ष, निवासी लुहरगई) एवं मृतक की नाबलिक गर्लफ्रेंड को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं एक आरोपी राजबहादुर गौड़ अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना पत्थर और मृतक संदीप गौड़ का मोबाइल फोन जप्त किया।

