छिंदवाड़ा शहर के देहात थाना क्षेत्र में बाइक चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 28 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी कुछ समय पहले चोरी के मामले में करीब दो महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर निकलने के बाद उसने देहात थाना क्षेत्र से दो मोटरसाइकिलें चोरी कर लीं। पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर को पौआमा चौक स्थित श्री कुंज वाटिका निवासी विशाल ठाकुर की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP28-MZ-4118 चोरी हो गई थी। 13 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद देहात थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत ने टीम गठित कर संभावित स्थानों पर दबिश शुरू की। सस्ते दाम में बाइक बेचने ग्राहक तलाश रहा था आरोपी
14 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बेहद कम कीमत में मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बीसापुरकलां निवासी गणेश पिता बाबूलाल कुमरे (28) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने काराबोह डेम के पास स्थित एक खंडहर की झाड़ियों में चोरी की दो मोटरसाइकिलें छिपाकर रखना बताया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टीवीएस अपाचे क्रमांक MP28-MZ-4118 और बिना नंबर प्लेट की काले रंग की यामाहा मोटरसाइकिल बरामद कर ली। 1.28 लाख रुपए का मशरूका बरामद
पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों की कुल कीमत करीब 1 लाख 28 हजार रुपए बताई है। इनमें टीवीएस अपाचे की कीमत करीब 78 हजार और बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की यामाहा मोटरसाइकिल की कीमत करीब 50 हजार रुपए है। देहात थाना पुलिस के द्वारा आरोपी का जुलूस निकाला गया और न्यायालय में पेश किया गया पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गणेश कुमरे के खिलाफ मोहखेड़ और सौंसर क्षेत्र में पहले से चोरी, मारपीट और जुआ के मामले दर्ज हैं। वह मोहखेड़ थाना क्षेत्र के चोरी के एक मामले में जेल गया था और करीब दो महीने बाद जमानत पर बाहर आया था। आरोपी को 14 सितंबर को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत, सउनि संदीप सिंह राजपूत, आरक्षक सौरभ सिंह बघेल, सूरज सिंह चौहान, शेर सिंह तथा साइबर सेल के प्रआर नितिन और आरक्षक आदित्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

