फिरोजाबाद में एक पति ने अपनी पत्नी और प्रेमी पर गोली चला दी। दोनों पर 6 राउंट फायरिंग की गई। जिसमें से 4 गोली पत्नी और 2 गोली प्रेमी को लगी। घटना के समय पति-पत्नी का बेटा भी मौके पर मौजूद था। बेटे ने ही पूरी घटना का वीडियो बनाया है। वह गोली चलाने से अपने पिता को रोक भी रहा था। बताया जा रहा है कि पत्नी प्रेमी संग दुकान में लाइट बंद करके बैठी थी। दुकान के अंदर से गिलास और नमकीन के पैकेट भी मिले। ये देखकर वह भड़क गया। ये मामला फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला चुंगी चौराहे पर एक इंटरनेट कैफे का है। गोली लगने से पत्नी और उसका प्रेमी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया। वारदात के बाद आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इंटरनेट कैफे में बैठे थे दोनों श्रीराम कॉलोनी (मथुरा नगर) निवासी सनी उर्फ शिवा ठाकुर कोटला चुंगी चौराहे पर इंटरनेट कैफे और ई-सेवा की दुकान चलाता है। पुलिस के मुताबिक, पीके इंटर कॉलेज के संचालक ऋषभ तैलंग की पत्नी शिप्रा और सनी के बीच काफी समय से प्रेम संबंध बताए जा रहे हैं। मंगलवार रात करीब 10 बजे शिप्रा सनी की दुकान पर पहुंची थी। दोनों दुकान के अंदर बैठे थे। इसकी जानकारी ऋषभ तैलंग को हो गई। वह मौके पर पहुंचा और पत्नी को सनी के साथ देखकर भड़क गया। आरोप है कि ऋषभ ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में मची भगदड़ चौराहे पर अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। मौके पर रिवॉल्वर छोड़कर भागा, पुलिस ने पकड़ा फायरिंग के बाद आरोपी ऋषभ तैलंग मौके पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर छोड़कर भाग रहा था लेकिन पुलिस ने उसको पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर, कारतूस और अन्य साक्ष्य कब्जे में लिए हैं। 10 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चों का पिता है ऋषभ ऋषभ तैलंग की शादी शिप्रा से करीब 10 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। फिरोजाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गोली लगने से घायल दोनों लोगों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था, जहां से उन्हें आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

