पठानकोट में मजदूर का घर आग से खाक:काम पर गए थे परिजन, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप, राशन-कपड़े समेत सारा सामान जला

पठानकोट में मजदूर का घर आग से खाक:काम पर गए थे परिजन, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप, राशन-कपड़े समेत सारा सामान जला

पठानकोट के भोआ क्षेत्र के तहत पड़ते गांव डेरा बाबा बसंत पुरी में एक गरीब दिहाड़ी मजदूर के घर में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवार का राशन, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, सोने-चांदी के गहने और नकदी समेत घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है। पीड़ित मकान मालिक विनोद कुमार ने बताया कि घटना के समय परिवार के सदस्य अपनी दिहाड़ी-मजदूरी के काम पर गए हुए थे और घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अचानक घर के अंदर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर खाली होने के कारण आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
गांव वालों ने मशक्कत कर बुझाई आग, 112 पर नहीं मिली मदद पूर्व सरपंच मनोहर लाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। गांव वालों ने सबमर्सिबल मोटरों, पानी के पाइपों और बाल्टियों से पानी डालकर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। कमरे में दाखिल होने के लिए दरवाजे और खिड़कियां तक तोड़नी पड़ीं। पूर्व सरपंच ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के समय आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की कोई टीम मौके पर सहायता के लिए नहीं पहुंची। शादियों का सामान और नकदी जलकर राख, लाखों का नुकसान पूर्व सरपंच मनोहर लाल के अनुसार, पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और मेहनत-मजदूरी कर अपना पेट पालता है। आग की भेंट चढ़े सामान में डबल बेड, कपड़े, बर्तन, राशन के अलावा शादियों का रखा सामान (बुरणियां) और 15 से 16 हजार रुपये की नकदी शामिल है। इस हादसे में परिवार को लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द मुआवजे की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना आशियाना खड़ा कर सकें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *