Jodhpur Petrol Pump Robbery: ‘अगर यहां पंप चलाना होगा तो रॉकी जॉनी को हफ्ता देना होगा…’ जोधपुर जिले में डांगियावास थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात आए बदमाशों ने लूटपाट की और एक धमकी भरी पर्ची छोड़ फरार हो गए। इतना ही नहीं, बदमाशों ने पिछली तीन रातों में तीन वारदातों को अंजाम दिया। रविवार रात विवेक विहार थाना क्षेत्र और शनिवार रात एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पेट्रोप पंपों पर भी बदमाशों ने लूटपाट की। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
विवेक विहार में लूट ले गए नकदी और मोबाइल
पुलिस के अनुसार पूनिया की ढाणी, गुड़ा विश्नोइयान निवासी मंगलाराम पुत्र चौखाराम विश्नोई ने रिपोर्ट में बताया कि उसका विजय फिलिंग स्टेशन गुड़ा से डांगियावास रोड स्थित स्टेट हाईवे-68 पर है। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच दो बदमाश सफेद रंग की कार से पेट्रोल पंप पर पहुंचे। कार पर आगे और पीछे दोनों तरफ नंबर प्लेट नहीं लगी थी। दोनों बदमाश हथियार लेकर कार से उतरे और स्टॉफ कर्मचारी सुंदरलाल को धमकाते हुए रुपए निकालने के लिए कहा।

तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी
मना करने पर बदमाशों ने चाकू और तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सुंदरलाल से 7300 रुपए और मोबाइल फोन छीन लिया। शोर सुनकर पेट्रोल पंप का मैनेजर बाबूराम, जो उस समय कार्यालय में सो रहा था, मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि एक बदमाश तलवार लेकर बाबूराम की ओर हमला करने के लिए दौड़ा। बाबूराम ने डंडा उठाकर उसका सामना किया और अपना बचाव किया।
रोकने पर कार का शीशा तोड़ा
वारदात के बाद दोनों बदमाश कार में बैठकर भागने लगे। पेट्रोल पंप स्टॉफ ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और कार पर डंडा मारा। इससे कार का शीशा टूट गया। इसके बाद दोनों बदमाश तेज गति से कार लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मंगलाराम की रिपोर्ट पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही कार और बदमाशों से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

