Punjab Politics: पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर बीजेपी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य में हाल के हत्या और गोलीबारी के मामलों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री चुटकुले सुनाने में व्यस्त हैं।
अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की हत्या का हवाला
इस दौरान उन्होंने अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की हत्या का भी जिक्र किया। वहीं पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम लोहारका रोड पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने संधू को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल संधू की बाद में मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कुछ सुराग मिलने की बात कही है।
लुधियाना में पूर्व सरपंच पर फायरिंग
ढिल्लों ने लुधियाना की घटना को भी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला बताया। बीजेपी नेता ने कहा कि अमृतसर में मैड संधू की हत्या, लुधियाना में कार सवार लोगों पर गोलीबारी और खडूर साहिब में SDM गेस्ट हाउस के पास एक युवक की हत्या जैसी घटनाएं बताती हैं कि अपराधियों में कानून का डर नहीं बचा है।
‘लोग घर से निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे’
पंजाब BJP अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें राज्य को सुरक्षित बनाने की बात कही जाती रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री भगवंत मान दावा करते हैं कि पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाया जा रहा है, लेकिन जब आम लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी सुरक्षित महसूस नहीं करते, तो सरकार किस तरह की कानून-व्यवस्था की बात कर रही है?
2027 विधानसभा चुनाव से पहले BJP का आक्रामक रुख
वहीं पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले BJP ने अपनी राजनीतिक और जनसंपर्क गतिविधियां तेज कर दी हैं। इस दौरान पार्टी की ओर से नशे, गैंगस्टरवाद, कानून-व्यवस्था और शासन से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।

