सेंट्रल नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने करीब 3 करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 3172 पेटीएम प्रिंटर/मोबाइल मशीनें, एयरटेल के 147 सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपी चोरी का सामान लोडर में भरकर बेचने जा रहे थे। एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह के मुताबिक, चोरी सूरजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित आईनोट्रोनिक्स कंपनी में हुई थी। बुधवार रात गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद न्यू दादरी रेलवे स्टेशन के पास जंगल से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एग्जॉस्ट फैन उखाड़कर कंपनी में घुसे गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिलाल निवासी पसौंडा, गाजियाबाद और सलमान व आदिल निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है। सलमान और आदिल फिलहाल गौतमबुद्धनगर के हल्दौनी में रह रहे थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने साथियों के साथ 9 और 10 अक्टूबर की रात कंपनी में चोरी की थी। वे कंपनी के पीछे जंगल की तरफ से पहुंचे और एग्जॉस्ट फैन उखाड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद पेटीएम मशीनों, एयरटेल सेटअप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान के कार्टून चोरी कर लोडर में भरकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मदरबोर्ड बेचने का काम भी करते थे। चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। चार अन्य आरोपियों की तलाश में तीन टीमें पुलिस के अनुसार, वारदात में गिरफ्तार तीन आरोपियों के अलावा इमरान उर्फ पंगा, फरमान, राशिद और वसीम समेत अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सूरजपुर थाना पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

