नोएडा में जल्द गुलजार होंगे दो स्ट्रीट मार्केट:खाने-पीने के साथ मिलेगी पार्किंग, बॉटनिकल गार्डन से जीआईपी के बीच 19 और सेक्टर-18 में 15 कियोस्क चलेंगे

नोएडा में जल्द गुलजार होंगे दो स्ट्रीट मार्केट:खाने-पीने के साथ मिलेगी पार्किंग, बॉटनिकल गार्डन से जीआईपी के बीच 19 और सेक्टर-18 में 15 कियोस्क चलेंगे

शहर में खरीदारी और खाने-पीने के शौकीनों के लिए जल्द ही दो नए स्ट्रीट मार्केट शुरू होने जा रहे हैं। बॉटनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच बने कियोस्क के संचालन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी तरह सेक्टर-18 में भी स्ट्रीट मार्केट विकसित किया जाएगा। इन दोनों जगहों पर कुल 34 कियोस्क संचालित किए जाएंगे। बॉटनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच 19 कियोस्क और सेक्टर-18 में 15 कियोस्क बनाए गए हैं। इनका संचालन शुरू होने के बाद शहरवासियों को खुले माहौल में खान-पान और खरीदारी का नया ठिकाना मिलेगा। 17 सितंबर तक कंपनियां कर सकेंगी आवेदन
नोएडा प्राधिकरण ने कियोस्क संचालन के लिए कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक कंपनियां 17 सितंबर तक आवेदन कर सकती हैं। इसके बाद नियमों और शर्तों के आधार पर कियोस्क का आवंटन किया जाएगा। प्राधिकरण की कोशिश है कि कम लागत में संचालन करने के साथ ज्यादा राजस्व देने वाली कंपनी को प्राथमिकता मिले। इससे प्राधिकरण को भी आमदनी होगी और लोगों को बेहतर स्ट्रीट मार्केट की सुविधा मिल सकेगी। तीन बार निकला टेंडर, नहीं मिलीं कंपनियां
कियोस्क के संचालन के लिए प्राधिकरण पहले भी तीन बार टेंडर जारी कर चुका है। हालांकि, नियम और शर्तों के मुताबिक कंपनियों के आवेदन नहीं आने के कारण प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब एक बार फिर कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस बार प्रक्रिया पूरी होने के बाद लंबे समय से तैयार कियोस्क लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे। इंदौर के 56 मार्केट की तर्ज पर बनेगा ठिकाना
इन स्ट्रीट मार्केट को इंदौर के 56 मार्केट की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। यहां मुख्य रूप से खाने-पीने की दुकानें होंगी। अलग-अलग तरह के व्यंजनों के साथ लोगों को बैठने और घूमने के लिए बेहतर माहौल देने की तैयारी है। मार्केट शुरू होने के बाद यह युवाओं और परिवारों के लिए शाम के समय घूमने और खाने-पीने का नया ठिकाना बन सकता है। 100 से ज्यादा वाहन खड़े करने की सुविधा
स्ट्रीट मार्केट आने वाले लोगों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की जा रही है। यहां 100 से ज्यादा वाहनों की सरफेस पार्किंग बनाई जाएगी। इससे मार्केट में आने वाले लोगों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने की परेशानी नहीं होगी। पूरी परियोजना के निर्माण पर करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। अब कियोस्क के संचालन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोगों को लंबे इंतजार के बाद दोनों स्ट्रीट मार्केट की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *