निकाय चुनाव में स्थानीय कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका: खराड़ी:कहा- पार्टी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी, सभी निकायों में जीतेंगे

निकाय चुनाव में स्थानीय कार्यकर्ताओं को मिलेगा मौका: खराड़ी:कहा- पार्टी एकजुटता के साथ मैदान में उतरेगी, सभी निकायों में जीतेंगे

जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री एवं डूंगरपुर जिले के प्रभारी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने आगामी निकाय चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट नहीं दिया जाएगा, केवल स्थानीय कार्यकर्ता को ही मौका मिलेगा। मंत्री ने यह भी दावा किया कि पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है और सभी निकायों में भाजपा का ही बोर्ड बनेगा। सागवाड़ा दौरे पर आए प्रभारी मंत्री खराड़ी ने बताया कि प्रत्याशी का चयन संबंधित वार्ड की जनता और स्थानीय लोग तय करेंगे। इसके लिए पार्टी स्तर पर सर्वे चल रहा है। जनसंघ और भाजपा के वरिष्ठ व अनुभवी कार्यकर्ताओं से मिलकर प्रत्येक वार्ड और क्षेत्र के सटीक समीकरणों पर सलाह-मशविरा किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने गाइडलाइन तय कर दी है कि उसी वार्ड में काम करने वाले स्थानीय कार्यकर्ता को ही टिकट मिलेगा। कांग्रेस द्वारा पहले ही अध्यक्ष का चेहरा घोषित करने के सवाल पर मंत्री खराड़ी ने भाजपा की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और विजयी पार्षद मिलकर सर्वसम्मति से योग्य व्यक्ति को अध्यक्ष या चेयरमैन चुनेंगे। मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने बताया कि वे लगातार क्षेत्र के दौरे पर हैं। डूंगरपुर, बांसवाड़ा और गढ़ी में बैठकों के बाद वे कुशलगढ़ के लिए रवाना होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है, और जनता ने भाजपा का बोर्ड बनाने का मन बना लिया है, जिससे सभी नगर निकायों में पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *