हरियाणा के नारनौल में आज सुबह स्कूल के लिए बच्चों को ले जा रही प्राइवेट स्कूल बस के ड्राइवर ने एक स्कूटी व साइकिल सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल व स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महेंद्रगढ़ रोड पर बने सूरज स्कूल की बस का ड्राइवर आज सुबह बच्चों को लेने के लिए गांव नूनी शेखपुरा की ओर जा रहा था। इस दौरान नूनी गांव के मोड पर थोड़ा आगे बने सीबीएम अस्पताल के पास बस के ड्राइवर ने बस से संतुलन खो दिया। नसीबपुर निवासी घायल जिसके बाद बस ड्राइवर ने वहां पर जा रही स्कूटी को टक्कर मारने के बाद साइकिल को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में साइकिल सवार बिहार का रहने वाला मजदूर करीब 35 वर्षीय अखिलेश दास जो फिलहाल नसीबपुर में किराए के मकान पर रह रहा है, गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी अस्पताल में भर्ती कराया वहीं हादसे में गांव नसीबपुर की रहने वाली नीता कुमारी तथा अतर सिंह नामक व्यक्ति भी घायल हो गए। ये दोनों स्कूटी पर सवार थे। सभी घायलों को आसपास के लोगों ने तुरंत उपचार के लिए नजदीकी सीबीएम अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस पहुंची मौके पर हादसे की सूचना मिलने के बाद महावीर चौक पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस कर्मियों ने बस को अपने कब्जे में लेकर महावीर चौक पुलिस चौकी पर खड़ा कर दिया। नहीं लगी बच्चे को चोट इस बारे में महावीर चौक पुलिस चौकी के सतीश कुमार ने बताया कि हादसे के समय बस में थोड़े ही बच्चे बैठे थे। किसी भी बच्चे को कोई चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर स्कूल स्टाफ पहुंच गया था। जिसके बाद बस को कब्जे में ले लिया गया है। स्कूटी सवार को बचाने पर हुआ हादसा उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि हादसा स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में हो गया। जिससे स्कूटी व साइकिल सवार को चोटें लगी हैं। जिनको उपचार के लिए निजी अस्पताल भर्ती करा दिया गया है।

