हरियाणा के नारनौल में गांव खासपुर के पास बड़ी नहर के नजदीक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा 24 अक्टूबर की शाम का है। घायल युवक सोनू (गांव खासपुर निवासी) को गंभीर हालत में नारनौल के नागरिक अस्पताल से पीजीआईएमएस रोहतक रेफर किया गया था। 27 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में गांव खासपुर निवासी दारा सिंह ने बताया कि वह गांव के सरपंच प्रतिनिधि हैं। 24 अक्टूबर को वह नारनौल से अपने घर लौट रहा था। शाम करीब 6 बजे जब वह बड़ी नहर के पास पहुंचे तो एक बाइक चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए उन्हें क्रॉस करके आगे निकल गया। कुछ दूरी पर सड़क किनारे एक लड़का भेड़-बकरियां चरा रहा था। बाइक चालक ने पीछे से उस लड़के को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से लड़का सड़क पर गिर गया और उसका सिर सड़क से टकरा गया। हादसे के बाद फरार शिकायत के अनुसार, बाइक चालक ने कुछ देर के लिए बाइक रोकी, लेकिन बाद में मौके से फरार हो गया। दारा सिंह ने बाइक का नंबर नोट कर लिया। इसके बाद उन्होंने घायल युवक को संभाला। उसकी पहचान गांव खासपुर निवासी सोनू पुत्र भागीरथ के रूप में हुई। सोनू के सिर से काफी खून बह रहा था। उसे निजी वाहन से नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर चोटों के कारण डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआईएमएस रेफर कर दिया। इलाज के दौरान तोड़ा दम पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर जांच अधिकारी नागरिक अस्पताल नारनौल पहुंचे और घायल की मेडिकल रिपोर्ट हासिल की। रिपोर्ट में सोनू की हालत गंभीर होने के कारण उसे रोहतक रेफर किए जाने का उल्लेख था। बाद में 27 अक्टूबर को पीजीआईएमएस रोहतक से उसकी मौत की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके के गवाह दारा सिंह की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(ए), 106 और 281 के तहत थाना सदर नारनौल में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। वहीं परिजन शव को लाने के लिए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।

