हरियाणा के नारनौल में सदर थाना के खटोटी कलां गांव में खाद वितरण के दौरान विवाद हो गया। पैक्स प्रबंधक सुरेंद्र ने कुछ लोगों पर उनके साथ मारपीट करने, अभद्रता करने और कैश छीनने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। वहीं, खाद लेने पहुंचे जाखनी निवासी धर्मेंद्र ने भी खटोटी गांव के कुछ युवकों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। दोनों उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती हैं। तीन युवाओं पर आरोप पैक्स प्रबंधक सुरेंद्र ने बताया कि बीते कल गुरुवार को वह सरकार के नियमों के अनुसार खटोटी कलां में खाद वितरण कर रहा था। इसी दौरान कर्मबीर और उसके साथ आए कुछ लोगों ने उनके साथ हाथापाई की और कैश छीनने की कोशिश की। उसके अनुसार, आरोपी कैश छीनने में सफल नहीं हुए और मौके से भाग गए। सुरेंद्र ने बताया कि वह झांझड़िया गांव के रहने वाले हैं और खटोटी कलां पैक्स में प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। एक अन्य के साथ भी मारपीट वहीं, जाखनी निवासी धर्मेंद्र ने बताया कि वह सुबह खटोटी पैक्स में खाद लेने गया था। वहां काफी भीड़ थी। इसी दौरान करमवीर, अभिमन्यु और कुछ अन्य युवक वहां पहुंचे और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट करने लगे। धर्मेंद्र के अनुसार, मारपीट के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी और दोबारा खाद लेने के लिए लाइन में लग गया। कमरा बंद कर भी मारा धर्मेंद्र ने बताया कि इसी दौरान पैक्स प्रबंधक सुरेंद्र की भी कमरे के अंदर बंद कर युवकों ने मारपीट की। आवाज सुनकर वह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों और आम लोगों के साथ भी अभद्रता की। सर पर आई चोट धर्मेंद्र ने बताया कि मारपीट में उसके सिर में चोट लगी है और पीछे की तरफ सूजन है। उसने कहा कि उसे यह स्पष्ट नहीं है कि मारपीट के दौरान किस वस्तु का इस्तेमाल किया गया, लेकिन कुछ लोगों के हाथ में कड़ा था। उसने बताया कि डॉक्टरों ने सिर में अधिक चोट होने के कारण आगे जांच के लिए रेफर किए जाने की बात कही है। वहीं, उसके साथ आए सुरेंद्र के पैर में फ्रैक्चर होने की बात भी उसने कही। पुलिस कर रही कार्रवाई धर्मेंद्र के अनुसार, गहली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को अपने साथ ले गई। उसने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया। मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस कार्रवाई की बात सामने आई है।

