डीडवाना-कुचामन जिले में जलदाय विभाग की नहरी परियोजना टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। लाडनूं तहसील के सांडास गांव में मुख्य पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन लेने वाले चार व्यक्तियों के खिलाफ पेनल्टी नोटिस जारी किए गए हैं। सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में टीम ने औचक निरीक्षण कर इन अवैध कनेक्शनों का खुलासा किया। जिन चार व्यक्तियों के विरुद्ध पेनल्टी नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें सांडास निवासी भंवरलाल पुत्र रामेश्वरलाल, हरिराम पुत्र गणपतराम, रामनिवास पुत्र बोदूराम मेघवाल और मुकेश चोयल पुत्र भगत सिंह शामिल हैं। नहरी परियोजना के अधिशासी अभियंता (XEN) अजीत सिंह ने लाडनूं उपखंड के आमजन से अपील की है कि वे अपने स्तर पर अवैध जल कनेक्शन हटा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि नोटिस जारी होने के तीन दिवस के भीतर पेनल्टी राशि जमा नहीं कराने पर संबंधित पुलिस थाने में पानी चोरी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। विभाग ने आमजन से नहरी परियोजना की पाइपलाइन से अवैध रूप से पानी लेने से बचने और केवल वैध कनेक्शन का ही उपयोग करने का आग्रह किया है। नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

