नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया, 6 मई को हुई थी शादी

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया, 6 मई को हुई थी शादी

हापुड़ के गिरधारी नगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जसरूपनगर निवासी सोनम की शादी 6 मई को हुई थी। रविवार शाम को सोनम को करंट लगने की सूचना मिली। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनम की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के परिजन तुरंत ससुराल पहुंचे और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। मृतका के भाई आशीष ने पुलिस को बताया कि ससुराल वाले बाइक और सोने की चेन की मांग को लेकर सोनम का लगातार उत्पीड़न कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि सोनम ने उन्हें कई बार दहेज की मांग और प्रताड़ना की शिकायत की थी। आशीष के अनुसार, रविवार को ससुराल पक्ष ने फोन पर बताया कि सोनम को करंट लग गया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। जब आशीष अस्पताल पहुंचा तो उसकी बहन वहां नहीं मिली। बाद में ससुराल पहुंचने पर सोनम की मौत की पुष्टि हुई। परिवार का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर सोनम की हत्या कर दी गई। थाना हापुड़ देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है और रिपोर्ट में अपराध की पुष्टि होने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *