शारदीय नवरात्र पर जिले के देवी तीर्थ माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर उमराई में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पहले नवरात्र पर हजारों की तादाद में भक्त माता के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह 5 बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई। भक्तों ने मंगला आरती का लाभ लिया और सुख समृद्धि की कामना की। सुबह 11:15 बजे अभिजीत मुहूर्त में पंडित निकुंज मोहन पंड्या के आचार्य में पंचाल समाज जनों के द्वारा घट स्थापना की गई।
नवरात्र के पहले दिन मंदिर में माहौल पूरी तरह से भक्तिमय रहा। रविवार को माता का पंचरंगी श्रृंगार किया गया। दूर दराज क्षेत्रों से श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचे। मंदिर में विशेष आकर्षण 5 किलोमीटर लंबी चुनरी यात्रा रही। इंदौर से आए मनोज पंचाल ने बताया- मध्यप्रदेश के इंदौर से हजारों श्रद्धालु माता को 5 किलोमीटर लंबी चुनरी अर्पित करने पहुंचे। सुबह मुख्य द्वार से जय माता दी के जय घोष के साथ चुनरी यात्रा प्रारंभ हुई और मंदिर की परिक्रमा करते हुए माता को अर्पित की गई। इस विशेष आयोजन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। मुंबई से आई श्रद्धालु कलाकार संजिला गौतम ने कहा- मां के दरबार में आने का शुभ अवसर मिला। अपने आप को धन्य समझती हूं। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष धूलजी पंचाल और महामंत्री नटवरलाल पंचाल ने बताया- श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रस्ट की ओर से दर्शन के लिए सुगम व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि भक्तों को दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। नवरात्र के पहले दिन मंदिर में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

