नवजात को बेचने का आरोप, मैनेजर समेत 4 पर FIR:महिला ने कहा- बच्ची के जन्म के बाद नर्स लेकर चली गई, वापस मांगने पर बोली- मर गई

नवजात को बेचने का आरोप, मैनेजर समेत 4 पर FIR:महिला ने कहा- बच्ची के जन्म के बाद नर्स लेकर चली गई, वापस मांगने पर बोली- मर गई

ललितपुर में एक महिला ने अपनी नवजात बेटी को पैसे लेकर बेचने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर शुक्रवार को पुलिस ने नर्स, अस्पताल मैनेजर समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला कोतवाली सदर क्षेत्र का है। सरदारपुरा मोहल्ला निवासी पूनम लखेरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2020 में हरियाणा के शक्तिनगर बहादुरगढ़ में हुई थी। ससुराल में अनबन के बाद वह मायके में रहने लगी। वह फुटपाथ पर सामान बेचकर अपना गुजारा करती थी। इसी दौरान झांसी के एक युवक से उसका प्रेम-प्रसंग हुआ, जिससे वह गर्भवती हो गई। आशा कार्यकर्ता के जरिए नर्स से हुई मुलाकात पूनम के मुताबिक, उसकी डिलीवरी जुलाई 2026 में होनी थी। किराए का कमरा तलाशने के दौरान उसकी मुलाकात एक आशा कार्यकर्ता से हुई। आशा कार्यकर्ता ने उसकी मुलाकात ललितपुर के श्री बांके बिहारी हॉस्पिटल की नर्स सोनम से कराई। पूनम का आरोप है कि सोनम उसे झांसी ले गई। वहां अस्पताल मैनेजर भूपत कुशवाहा ने डिलीवरी कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की। इसके बाद पूनम सोनम के साथ ललितपुर लौट आई और एक नर्सिंग होम में भर्ती हो गई। बेटी के जन्म के बाद नर्स उसे लेकर चली गई पूनम के अनुसार, 22 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसी रात उसने एक बेटी को जन्म दिया। उसका आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद नर्स सोनम ने बिना अनुमति नवजात की फोटो खींच ली। पूनम ने बताया कि अस्पताल में उसने 19 हजार रुपए एडवांस जमा किए थे। बेटी के जन्म के बाद सोनम नवजात को गोद में लेकर पूनम और उसकी मां को एक जगह छोड़कर चली गई। बच्ची मांगने पर बताया- भूपत को दे दी पूनम का आरोप है कि 23 अगस्त को जब उसने अपनी बेटी वापस मांगी तो सोनम ने बच्ची देने से इनकार कर दिया। सोनम ने कथित तौर पर बताया कि उसने बच्ची को अस्पताल मैनेजर भूपत कुशवाहा को दे दिया है। पूनम के मुताबिक, सोनम ने उससे कहा कि अगर कोई बच्ची के बारे में पूछे तो बता देना कि उसकी मौत हो गई है। आरोप है कि बांके बिहारी हॉस्पिटल की ओर से भी उसे यही बात कहने के लिए कहा गया। बच्ची लौटाने के बदले पैसे देने की पेशकश का आरोप महिला ने आरोप लगाया कि बच्ची वापस न करने के बदले उसे पैसे देने की पेशकश भी की गई। पूनम का दावा है कि उसकी नवजात बेटी को नीतेश पटेल के जरिए ज्ञानेंद्र अग्रवाल को मोटी रकम लेकर बेच दिया गया। आरोप है कि बच्ची की रकम आरोपियों ने आपस में बांट ली। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर नर्स और अस्पताल मैनेजर समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और नवजात बच्ची के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *