फिरोजाबाद में जन्माष्टमी के मौके पर शुक्रवार रात राधा रमण जी महाराज क्षेत्र मंदिर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। मंदिर परिसर में बाबा बर्फानी की गुफा बनाई गई थी, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण रही। शुक्रवार रात करीब 10 बजे बड़ी संख्या में भक्त गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए लाइन में खड़े नजर आए। मंदिर में भगवान को छप्पन भोग भी अर्पित किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा मंदिर जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रात बढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती गई। मंदिर आने वाले भक्तों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गई थीं। भजन-कीर्तन के बीच गूंजे जयकारे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। पूरा मंदिर परिसर ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष से गूंजता रहा। महंत ने बताया- बाबा बर्फानी की गुफा तैयार की मंदिर के महंत शिवम मुद्गल ने बताया कि जन्माष्टमी के लिए मंदिर में विशेष सजावट की गई थी। श्रद्धालुओं के लिए बाबा बर्फानी की गुफा तैयार की गई। भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाएं की गई थीं। शोभायात्रा में दिखीं कृष्ण लीलाओं की झांकियां जन्माष्टमी के मौके पर निकाली गई शोभायात्रा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। इसमें भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी सुंदर झांकियां शामिल रहीं। धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा का रास्ते में लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।

