नर्मदापुरम में शहर के मिल्क डेयरी बिजली सब-स्टेशन से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं के लिए राहत की बड़ी खबर है। लंबे समय से ओवरलोडिंग व बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की मार झेल रहे मालाखेड़ी क्षेत्र के 7,500 उपभोक्ताओं को अब इस समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। बिजली कंपनी ने क्षेत्र में बढ़ते लोड को देखते हुए नया मालाखेड़ी सब-स्टेशन पूरी तरह तैयार कर लिया है। जिसका लोकार्पण आज रविवार को लोक निर्माण विभाग एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह करेंगे। दोपहर 12 बजे नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण के लिए सब स्टेशन पर टेंट लगाकर मंच तैयार किया गया है। मिल्क डेयरी सब-स्टेशन का लोड हो जाएगा आधा एई राहुल बोवड़े ने बताया अबतक मिल्क डेयरी सब-स्टेशन से ही मालाखेड़ी फीडर चलता था। जिस पर क्षमता से दोगुना दबाव था। इसके कारण ग्रिड के किसी भी हिस्से में तकनीकी खराबी या फॉल्ट आने पर उससे जुड़े सभी 14 हजार उपभोक्ताओं की बिजली एक साथ बंद हो जाती थी। गर्मियों व पीक ऑवर्स में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। इससे स्थानीय निवासियों की मांग थी। मालाखेड़ी में तेजी से ग्रोथ हो रही है। जिसके चलते उपभोक्ताओं को राहत देने मालाखेड़ी विद्युत सब स्टेशन बनाया गया। इसमें चार फीडर तैयार किए है। गोदावरी फीडर, रेशम केंद्र, माखननगर रोड और राधा कृष्ण फीडर है। जो मालाखेड़ी सब स्टेशन से संचालित होगा। आधुनिक सिस्टम से सुधरेगी सप्लाई उपभोक्ताओं की इसी मांग को देखते हुए नया पावर ग्रिड अत्याधुनिक कंट्रोल रूम व एडवांस पैनल सिस्टम के साथ तैयार किया है। मिल्क डेयरी ग्रिड के आधे कनेक्शन यहां शिफ्ट होने से दोनों क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की समस्या खत्म होगी। 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई मिल सकेगी।

