बिजनौर के नगीना देहात क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रहे मेट्रो वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में वाहन चालक उमेश कुमार (55) और उसमें सवार आठ साल की बच्ची खुशी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्ची के माता-पिता समेत कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक, हादसा गांव किशनपुर आमला के पास हुआ। असलमपुर गढ़ी निवासी अंकित अपने परिवार के साथ मेट्रो वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक उमेश कुमार और आठ वर्षीय खुशी की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची के माता-पिता भी घायल हादसे में खुशी के पिता अंकित और मां नेहा बक्शी भी घायल हो गए। नेहा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। महाराष्ट्र में मजदूरी करता है परिवार परिजनों ने बताया कि अंकित अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र में मजदूरी करता है। वह नजीबाबाद से मेट्रो वाहन में सवार होकर परिवार सहित घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। उमेश कुमार असलमपुर बुलन गढ़ी के निवासी थे, जबकि खुशी असलमपुर गढ़ी, नगीना देहात की रहने वाली थी। डंपर चालक फरार हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। साथ ही घायलों के उपचार की व्यवस्था कराते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।

