दीपावली के फेस्टिवल को देखते हुए शहर के वार्डों में व्याप्त समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने आज नगर परिषद आयुक्त से मुलाकात की। यहां कांग्रेसी पार्षद विनोद जैन के नेतृत्व में पार्षदों एवं पार्षद प्रतिनिधियों ने नगर परिषद आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वार्डों में रोड लाइट, सीवरेज और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराते हुए दीपावली से पहले समाधान करवाने की मांग की। समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में रोड लाइटों की समस्या के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं, सीवरेज की समस्या से भी वार्डवासी प्रभावित हैं। ऐसे में दीपावली पर्व से पहले वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि शहर में स्वच्छता बनी रहे और आमजन को राहत मिल सके। इसके साथ ही पार्षदों ने वार्डों के विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर परिषद की बोर्ड बैठक आयोजित करवाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि वार्डों में आवश्यक विकास कार्य करवाए जाने चाहिए, जिससे स्थानीय निवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान कांग्रेसी पार्षद शेलेन्द्र चौधरी, किशोर सिंह, सिराज खान, आवेश सौदागर, सुनील महावर, राजेश कंवरिया, गोकुल बैरवा, दिनेश, अजय, जितेंद्र परिड़वाल, अजय कुमार, विजय जौलिया सहित अन्य पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर परिषद आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

