धौलपुर में बिजली वितरण व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार की रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत कई काम कराए जा रहे हैं। इस योजना का मकसद बिजली तंत्र को बेहतर करना, बिजली चोरी और नुकसान कम करना और ग्राहकों को अच्छी और भरोसेमंद बिजली देना है। जयपुर डिस्कॉम के SE विवेक शर्मा ने बताया कि धौलपुर जिले में RDSS के कामों का ठेका पहले M/S KS इलेक्ट्रिकल को मिला था। लेकिन, काम में ढिलाई के कारण इस फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। इससे काम में देरी हुई। अब यह काम नई फर्म को दिया गया है और फर्म ने काम शुरू कर दिया है। मछरिया में 2 करोड़ की लागत से बन रहा बिजलीघर
योजना के तहत जिले में 33 केवी के 8 और 11 केवी के 149 फीडरों पर सुधार किया जाएगा। इसमें नए फीडर लगाना और खेती व घरों के लिए अलग-अलग फीडर बनाना शामिल है। इससे बिजली सप्लाई का बेहतर इंतजाम होगा और लाइन लॉस कम करने में मदद मिलेगी।
RDSS के तहत मछरिया में करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से 33/11 केवी का बिजलीघर बनाया जा रहा है। इस बिजलीघर के शुरू होने से इलाके के हजारों ग्रामीण ग्राहकों को बिजली सप्लाई में फायदा मिलेगा। जिले के 187 फीडरों पर नए ट्रांसफॉर्मर और केबल लगाए जाएंगे। इससे ओवरलोड की समस्या कम होगी और ग्राहकों को अच्छी बिजली मिलेगी। इस योजना में स्मार्ट मीटरिंग, फीडर और ट्रांसफॉर्मर मीटरिंग के साथ बिजली लाइनों और वितरण तंत्र को मजबूत करने के काम भी हो रहे हैं।
SE विवेक शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की RDSS डिस्कॉम के लिए एक जरूरी योजना है। नई फर्म Ubitech ने काम शुरू कर दिया है। इस योजना से डिस्कॉम का नुकसान कम होगा और बिजली सप्लाई में सुधार आएगा।

