जोधपुर में ठगों ने एक युवक को दुबई में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख रुपए ठगे का मामला सामने आया है। साथ ही ठगों ने दंपती का पासपोर्ट भी हड़प लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपए ठगे पीड़ित विष्णु की ढाणी लूणावास खारा निवासी रमेश (25) पुत्र राजाराम मेघवाल ने पुलिस में शिकायत दी है। उसने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 28 जून 2026 को उसकी बातचीत घेवड़ा निवासी श्याम शर्मा पुत्र रामेश्वर से व्हाट्सएप पर हुई थी। आरोपी ने उसे और उसकी पत्नी को दुबई भेजने का झांसा देकर पहले दोनों के ओरिजिनल पासपोर्ट ले लिए। इसके बाद वीजा व टिकट का बहाना बनाकर 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच फोन-पे के जरिए अलग-अलग किश्तों में कुल 1 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। कॉल उठानी बंद की, झांसा देता रहा आरोपी पैसे लेने के बाद जब पीड़ित ने वीजा और टिकट के बारे में पूछा, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोपी ने कहा कि 1 लाख रुपए अभी दे दो और बाकी रकम सैलरी से कटेगी। बाद में पासपोर्ट और पैसे लौटाने की बात कहकर 2 जुलाई और 12 सितंबर को झांसा दिया, लेकिन न तो पासपोर्ट वापस किए और न ही पैसे लौटाए। पीड़ित ने जब बार-बार संपर्क किया तो आरोपी ने व्हाट्सएप मैसेज देखना और कॉल उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर रमेश ने हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन साइबर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद झंवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

