धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र में मछरिया चौराहे पर 25 जून को हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पवन तौमर और रमाकांत उर्फ नेपाली को पकड़ा है। इस घटना में शामिल एक अन्य आरोपी रोहित उर्फ टुंडा की तलाश अभी जारी है। पुलिस के मुताबिक 25 जून को मछरिया चौराहे पर बनवारी और सत्येंद्र को रोककर जान से मारने की नीयत से अवैध हथियार से फायरिंग की गई थी। इस मामले में दिहौली थाने में केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान फायरिंग के मुख्य आरोपी कुलदीप उर्फ एलेक्स और कालीचरन उर्फ करण को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मछरिया चौराहे से पवन तौमर (निवासी नगरघटा) और रमाकांत उर्फ नेपाली (निवासी ढौढी का पुरा) को पकड़ा। पूछताछ में अपराध सही पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल रोहित उर्फ टुंडा की तलाश जारी है।

