पारा के बुद्धेश्वर में किराये पर रहने वाली एक युवती ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती बाराबंकी के नवाबगंज की रहने वाली है। उसने बताया कि युवक ने इंस्टाग्राम पर पहचान बनाई, शादी का झांसा दिया और धर्म छिपाकर करीब 2 साल तक उससे शारीरिक संबंध बनाए। युवती के मुताबिक, आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर अपना नाम राजू बताया था। पुलिस को दी तहरीर में युवती ने बताया कि कुछ साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान अली कुरेशी नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि युवक ने अपना नाम राजू बताया और खुद को हिंदू कहकर शादी का वादा किया। इसके बाद करीब दो साल तक उसने युवती से संबंध बनाए। पता चला युवक का नाम राजू नहीं, अली कुरेशी है युवती का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि युवक ने अपना धर्म छिपाया था और उसका असली नाम राजू नहीं, अली कुरेशी है। जब युवती ने उससे दूरी बनाने की कोशिश की, तो आरोपी उसे ब्लैकमेल करने लगा। उसने युवती के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और उसके कुछ फोटो-वीडियो युवती के पिता को भी भेजे। युवती ने आरोपी पर धर्म परिवर्तन कराने का भी आरोप लगाया है। कृष्णानगर में चिकन-मटन की दुकान चलाता है पुलिस के मुताबिक, आरोपी अली कुरेशी आशियाना के सेक्टर-जी में रहता है। वह कृष्णानगर थाना क्षेत्र में चिकन-मटन की दुकान चलाता है। युवती की शिकायत पर पारा थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवती के आरोपों और मिले सबूतों की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

