खंडवा जिले के हरसूद इलाके में शनिवार शाम जिला शिक्षा अधिकारी अचानक सरकारी स्कूलों का जायजा लेने पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान पटेल मोहल्ला के माध्यमिक और हाईस्कूल में बच्चों की बेहद कम हाजिरी देखकर नाराजगी जताई। माध्यमिक स्कूल में दर्ज 74 बच्चों में से सिर्फ 4 और हाईस्कूल के 56 में से महज 5 बच्चे ही मौजूद मिले। छुट्टी के वक्त शाम 4 बजे डीईओ ने दोनों स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षकों की क्लास लगाई और लापरवाही बरतने पर 10 अध्यापकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। 130 में से पहुंचे सिर्फ 9 बच्चे डीईओ बलवंत पटेल ने हरसूद के पटेल मोहल्ला स्थित माध्यमिक स्कूल और हाईस्कूल का दौरा किया। दोनों स्कूलों को मिलाकर कुल 130 बच्चे दर्ज हैं, लेकिन मौके पर सिर्फ 9 बच्चे ही पढ़ाई करते मिले। इस भारी लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए डीईओ ने तुरंत दोनों स्कूलों के 10 शिक्षकों की एक दिन की तनख्वाह काटने के निर्देश दे दिए। इन शिक्षकों की कटेगी एक दिन की तनख्वाह वेतन कटौती में माध्यमिक शाला पटेल मोहल्ला के आशीष तिवारी, सीमा चौहान और अतिथि शिक्षक मिथुन राठौड़ व भावना शामिल हैं। वहीं हाईस्कूल पटेल मोहल्ला से वर्षा कनाडे, तोताराम कोगे, मोहित शर्मा, संतोषी वाघमारे, ज्योति मौर्य और सरोज लौवंशी का भी एक दिन का वेतन काटा जाएगा। कमजोर बच्चों के लिए लगेंगी एक्स्ट्रा क्लासेस निरीक्षण के बाद डीईओ ने पीएम श्री कन्या स्कूल और उत्कृष्ट विद्यालय में सभी शिक्षकों की बैठक ली। उन्होंने साफ कहा कि 10वीं और 12वीं का बोर्ड रिजल्ट हर हाल में बेहतर होना चाहिए। इसके लिए उन्होंने कमजोर बच्चों के लिए अलग से रेमेडियल (सुधारात्मक) क्लासेस लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर छुट्टियों के दिनों में भी अभिभावकों की मर्जी से एक्स्ट्रा क्लासेस चलाई जाएं ताकि बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो।

