लखनऊ में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में हाईस्कूल की छात्रा और 17 साल के किशोर की मौत हो गई। गोमती नगर विस्तार के खरगापुर में रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 16 साल की छात्रा की मौत हो गई। वहीं, जानकीपुरम के मड़ियांव गांव में 17 साल के किशोर ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मां के इलाज के लिए लखनऊ आई थी छात्रा आजमगढ़ के फूलपुर निवासी मुस्कान (16) हाईस्कूल की छात्रा थी। उसकी बड़ी बहन मोनिका खरगापुर में रहकर नौकरी करती है। मोनिका के मुताबिक, उनकी मां मंजू का लखनऊ में इलाज चल रहा है। रविवार को मुस्कान मां के साथ लखनऊ आई थी। सोमवार को अस्पताल में मां को दिखाने के बाद मुस्कान दोपहर करीब 2 बजे टहलने की बात कहकर बाहर निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि खरगापुर के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवती का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान मुस्कान के रूप में की। परिवार ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। कमरे में फंदे से लटका मिला किशोर दूसरी घटना जानकीपुरम के मड़ियांव गांव की है। यहां राकेश वंसल के बड़े बेटे कृष्णा (17) ने सोमवार देर रात घर के कमरे में फांसी लगा ली। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने उसे तलाशा। कमरे में कृष्णा फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची जानकीपुरम पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, किशोर के आत्महत्या करने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।

