ललितपुर जिले के एक आवासीय विद्यालय में 11 वर्षीय छात्र के साथ दो वरिष्ठ छात्रों द्वारा कथित तौर पर कुकर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत पर मंगलवार को पुलिस ने दोनों 13 वर्षीय नाबालिग छात्रों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पीड़ित छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए मेडिकल कॉलेज भेजकर जांच शुरू कर दी है। पिता ने शिकायत में बताया कि उनका 11 वर्षीय बेटा आवासीय विद्यालय में पढ़ता है। आरोप है कि 7 अगस्त को शाम करीब 3:30 बजे दोनों छात्रों ने उसे कमरे में बंद कर गलत हरकत की। इसके बाद 8 अगस्त को भी दोनों ने छात्र को अकेला पाकर कमरे में बंद कर ऐसी ही हरकत दोहराई। 10 अगस्त को पानी पीने के बहाने छात्र को प्लेग्राउंड ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती की गई। स्कूल प्रशासन को दी थी शिकायत
पीड़ित छात्र ने स्कूल प्रशासन को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद स्कूल ने कथित तौर पर दोनों आरोपी छात्रों को कुछ दिनों के लिए निलंबित कर दिया। आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने पीड़ित छात्र से ही क्षमा याचना का प्रार्थना पत्र लिखवा लिया, जबकि उसकी कोई गलती नहीं थी। परिजनों को भी घटना की पूरी जानकारी नहीं दी गई। घर पहुंचकर माता-पिता को बताई पूरी बात
करीब तीन दिन पहले छात्र घर पहुंचा तो उसने माता-पिता को पूरी घटना बताई। छात्र ने बताया कि आरोपी छात्र उसे धमकाते और मारपीट करते थे। किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी देते थे। इन धमकियों के चलते छात्र सदमे में है। पुलिस ने दर्ज की FIR, मेडिकल परीक्षण कराया
पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों नाबालिग छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने पीड़ित छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। सीओ बोले- जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
सीओ सिटी अजय कुमार ने बताया कि दो नाबालिग छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़ित छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

