देवरिया में बेसिक शिक्षा विभाग ने भागलपुर विकासखंड के 12 परिषदीय विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की डिजिटल उपस्थिति शून्य पाई गई। खंड शिक्षा अधिकारी सूरज कुमार ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को नोटिस भेजा है। यह समीक्षा सोमवार, 31 अगस्त को प्रेरणा पोर्टल के डिजिटल रजिस्टर मॉड्यूल से प्राप्त विद्यालयवार रिपोर्ट के आधार पर की गई। विकासखंड के कुल 114 परिषदीय विद्यालयों में से 102 में डिजिटल उपस्थिति दर्ज मिली, जबकि 12 विद्यालयों में इसका अंकन नहीं किया गया था। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने भी अपने निरीक्षण के दौरान शिक्षकों को डिजिटल हाजिरी के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बावजूद 12 विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति दर्ज न होने पर यह कार्रवाई की गई है। नोटिस के माध्यम से संबंधित विद्यालयों को नियमित रूप से डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने का अंतिम अवसर दिया गया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि विभागीय निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिन विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं की गई, उनमें बभनियांव कंपोजिट, चकरा बोधा, चक्र उपाध्याय, धरमेर, ढिगड़ा जुनेबी, हरखपुरा, हटवा टोला, परसिया अली, पिपरा बेनी, पिपरा रामधर, रेउली और तेलिया शुक्ला शामिल हैं।

