कानपुर देहात के रनिया स्थित अनुभव प्लास्ट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर एक डीसीएम चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 55 वर्षीय जय सिंह (निवासी शिव नाथ पुरवा) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही और गुमराह करने का आरोप लगाते हुए शव को शाम 6 बजे फैक्ट्री परिसर में रखकर हंगामा किया। परिजनों ने फैक्ट्री का घेराव किया मृतक के भतीजे वीर सिंह ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद अनुभव प्लास्ट के कर्मचारियों ने कई घंटों तक परिजनों को गुमराह किया। बाद में एंबुलेंस से शव को जिला अस्पताल में लावारिस हालत में छोड़कर कर्मचारी फरार हो गए। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री का घेराव कर दिया। जय सिंह पिछले तीन सालों से अनुभव प्लास्ट में डीसीएम चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी गीता और चार बच्चे- आकाश (25), राज (18), ज्योति (18) व दीक्षा (16) शामिल हैं। हंगामें की सूचना पर थाना प्रभारी पहुंचे हंगामे की सूचना पर रनिया थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ अकबरपुर संजय सिंह और एडीएम प्रशासन अमित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। परिजनों ने अनुभव प्लास्ट प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आर्थिक मदद की मांग की है। अधिकारी परिजनों को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। रनिया थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि परिजनों को समझने का प्रयास किया जा रहा है घटना की जांच पड़ताल की जा रही है

