देवकी स्कूल में जर्जर कमरे की छत गिरी:1 साल से बंद पड़ा था कमरा, बड़ा हादसा टला

देवकी स्कूल में जर्जर कमरे की छत गिरी:1 साल से बंद पड़ा था कमरा, बड़ा हादसा टला

डूंगरपुर के दोवड़ा ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत सत्तु देवकी के अपर प्राइमरी स्कूल में एक जर्जर कमरे की छत गिर गई। यह घटना सोमवार को हुई, जब स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं और लगभग 120 छात्र पढ़ाई कर रहे थे। गनीमत रही कि यह कमरा पिछले एक साल से बंद था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सोमवार सुबह करीब 10 बजे, जब बच्चे अपनी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे और शिक्षक उन्हें पढ़ा रहे थे, तभी बंद पड़े जर्जर कमरे की छत अचानक भरभराकर ढह गई। तेज आवाज सुनकर स्कूल के बच्चे और शिक्षक तुरंत कमरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि 2 जर्जर कमरों में से एक की छत गिर चुकी थी। धमाके की आवाज सुनकर मचा हड़कंप
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि ये कमरे काफी समय से जर्जर हालत में थे। सुरक्षा कारणों से इन्हें असुरक्षित घोषित कर दिया गया था और पिछले एक साल से इनमें किसी भी छात्र को नहीं बैठाया जा रहा था। इसी एहतियाती कदम के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। शिक्षकों ने घटना की सूचना तुरंत पीईईओ पंकज वर्मा को दी। सूचना मिलने पर पीईईओ पंकज वर्मा और सीबीईओ दीपक शाह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सीबीईओ दीपक शाह ने बताया कि स्कूल में कुल 10 कमरे हैं, जिनमें से 2 कमरे जर्जर हो चुके हैं। इनमें से एक कमरे की छत अब भी जर्जर है। उन्होंने कहा कि इन कमरों की मरम्मत और नई छत डालने के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं। मंजूरी मिलते ही जल्द ही कमरों को ठीक करवाया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *