देर रात सड़कों पर उतरे DM-नगर आयुक्त:सफाई और सड़कों की मरम्मत का किया निरीक्षण,CSJMU यूनिवर्सिटी के पास बनेगा स्ट्रीट वेंडिंग जोन

देर रात सड़कों पर उतरे DM-नगर आयुक्त:सफाई और सड़कों की मरम्मत का किया निरीक्षण,CSJMU यूनिवर्सिटी के पास बनेगा स्ट्रीट वेंडिंग जोन

कानपुर में सफाई व्यवस्था और सड़क मरम्मत कार्यों की हकीकत देखने के लिए सोमवार रात जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और उप जिलाधिकारी सदर ने निरीक्षण किया। रात करीब 11 बजे अधिकारियों ने नगर निगम की ओर से कराए जा रहे सड़क मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। इसके बाद कल्याणपुर रेलवे स्टेशन के पास चल रहे संयुक्त सफाई अभियान का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने सफाई, कूड़ा उठान, मैनपावर, संसाधनों और खुले में कचरा फेंके जाने की संवेदनशील जगह (GVP) के विलोपन की स्थिति देखी। रेलवे क्षेत्र में कूड़ा हटाने के निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने निर्देश दिए कि कल्याणपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के रेलवे क्षेत्र में सफाई अभियान लगातार प्रभावी तरीके से चलाया जाए। रेलवे अधिकारियों से समन्वय कर ब्लॉक क्षेत्र समेत अन्य स्थानों से कूड़ा हटाया जाए। अधिकारियों ने कहा कि इस कार्रवाई की एक सप्ताह बाद दोबारा मौके पर जाकर जांच की जाएगी। जिलाधिकारी ने नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता, सड़क मरम्मत और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी कार्य तय समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। करीब 81 मीट्रिक टन कूड़ा उठाया निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि अभियान के तहत करीब 9 ट्रक यानी लगभग 81 मीट्रिक टन कूड़े का उठान और निस्तारण किया जा चुका है। त्योहारी सीजन और खासकर दीपावली के दौरान कूड़े की मात्रा बढ़ने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन और मैनपावर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि कूड़ा उठान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। GVP दोबारा न बने, स्थायी समाधान पर जोर चिन्हित GVP स्थलों को पूरी तरह खत्म करने के साथ वहां दोबारा कूड़ा जमा न होने देने के निर्देश दिए गए। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पास मौजूद GVP को लेकर अधिकारियों ने स्थायी समाधान की दिशा में काम करने को कहा। यहां दोबारा कूड़ा स्थल या अतिक्रमण न बनने पाए, इसके लिए सुव्यवस्थित स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही नागरिकों और वेंडर्स की सुविधा समेत यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पार्किंग और फुटपाथ की व्यवस्था के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। CD वेस्ट पर बनेगी अलग कार्ययोजना निरीक्षण के दौरान कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन (CD) Waste के वैज्ञानिक और प्रभावी प्रबंधन पर भी चर्चा हुई। प्रभारी अधिकारी को CD वेस्ट के संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण और निस्तारण की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी जुटाकर पीपीटी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। CD Waste प्रबंधन से जुड़ी संस्था या एजेंसी के प्रतिनिधियों से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अलग से समीक्षा बैठक भी होगी। इसमें कूड़े के प्रभावी प्रबंधन के लिए स्पष्ट, व्यावहारिक और समयबद्ध प्लान तैयार किया जाएगा। इसके बाद कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई और उसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *