Diabetes And Blood Sugar Spike: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में रात में देर से खाना खाने की आदत लोगों की लाइफस्टाइल का हिस्सा बन गई है। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से देर रात खाना खाता है, तो इसका असर सिर्फ नींद और पाचन पर ही नहीं, बल्कि ब्लड शुगर लेवल पर भी पड़ सकता है। जानते हैं, देर रात खाना खाने से ब्लड शुगर क्यों बढ़ सकता है? क्या सिर्फ खाने का समय जिम्मेदार है या भोजन की मात्रा और क्वालिटी भी मायने रखती है?
देर रात खाना खाने से ब्लड शुगर क्यों बढ़ सकता है?
नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन (National Library of Medicine) के अनुसार, हमारे शरीर की जैविक घड़ी यानी सर्केडियन रिदम दिन के अलग-अलग समय पर मेटाबॉलिज्म और इंसुलिन की संवेदनशीलता को प्रभावित करती है। ग्लूकोज संभालने की शरीर की क्षमता में दिन ढलने के साथ बदलाव हो सकता है। ऐसे में देर शाम या रात में खाया गया भोजन ब्लड शुगर को ज्यादा बढ़ा सकता है।
इसके अलावा शाम के समय इंसुलिन सेंसिटिविटी सुबह की तुलना में कम हो सकती है। इसलिए देर रात खाना खाने पर भोजन के बाद ब्लड शुगर में अधिक बढ़ोतरी हो सकती है।
क्या सिर्फ खाने का समय मायने रखता है?
खाने का समय महत्वपूर्ण है, लेकिन क्या खा रहे हैं और कितनी मात्रा में खा रहे हैं, यह भी उतना ही मायने रखता है। अगर देर रात के भोजन में ज्यादा मात्रा में कार्बोहाइड्रेट, मीठी चीजें या रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट शामिल हैं, तो ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। वहीं, फाइबर और प्रोटीन से भरपूर संतुलित भोजन ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स ( NHS Cambridge University Hospitals) के अनुसार, कार्बोहाइड्रेट को पूरे दिन संतुलित तरीके से लेना और हाई-फाइबर, कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले विकल्पों को प्राथमिकता देना ग्लूकोज नियंत्रण के लिए फायदेमंद हो सकता है।
देर रात क्यों नहीं खाना चाहिए?
मेयो क्लिनिक (Mayo Clinic) के अनुसार, शाम के भोजन के बाद खासकर कार्बोहाइड्रेट वाले स्नैक्स लेने से अगली सुबह ब्लड शुगर बढ़ सकता है। इसलिए अगर डिनर के बाद भूख लगे, तो पहले पानी पीकर देख सकते हैं। इसके बाद भी भूख लगने पर कम कार्बोहाइड्रेट और कम कैलोरी वाला ऐसा स्नैक लिया जा सकता है, जिसमें प्रोटीन या फाइबर हो। हालांकि, इंसुलिन या अन्य डायबिटीज की दवाएं लेने वाले कुछ लोगों को रात में लो ब्लड शुगर यानी हाइपोग्लाइसीमिया को रोकने के लिए सोने से पहले स्नैक की जरूरत पड़ सकती है। अगर ऐसा बार-बार होता है, तो डॉक्टर या हेल्थकेयर प्रोफेशनल से सलाह लेनी चाहिए।
देर रात खाने की कौन-सी गलतियां ब्लड शुगर बढ़ा सकती हैं?
देर रात खाने के साथ कुछ आदतें ब्लड शुगर नियंत्रण को और मुश्किल बना सकती हैं।
- डिनर को बहुत देर तक टालना
- दिन में कम खाना और रात में बहुत ज्यादा खाना
- रात में ज्यादा मात्रा में कार्बोहाइड्रेट लेना
- मीठे और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थ खाना
- खाना खाने के तुरंत बाद सो जाना
- डिनर के बाद शारीरिक गतिविधि न करना
इन आदतों से बचने के साथ भोजन की मात्रा और गुणवत्ता पर ध्यान देना ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद कर सकता है।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर लें।


