लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज दुष्कर्म के मुकदमे में आरोपी ने पीड़िता के छोटे भाई का अपहरण पर कोर्ट में बयान बदलवा दिया। जिससे आरोपी को बेल मिल गई। युवती का कहना है कि अब आरोपी उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर मुकदमे में समझौते का दबाव बना रहा है। पीड़िता ने तंग आकर गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जियामऊ निवासी पीड़िता ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि वह अपनी मां के साथ किराए के मकान में रह रही है और निजी यूनिवर्सिटी से बीएससी की पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि जब वह स्कूल में पढ़ती थी, तभी सम्राट गुप्ता (28) ने उससे दोस्ती की थी। युवती का कहना है कि आरोपी ने बहला-फुसलाकर उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो ले लिए थे। इन्हीं फोटो को परिवार और समाज में वायरल करने की धमकी देकर वह लंबे समय तक उसे परेशान करता रहा। 18 दिसंबर 2024 को दुष्कर्म का आरोप युवती का आरोप है कि 18 दिसंबर 2024 की सुबह सम्राट ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी मां के सोने के झुमके और चांदी की पायल भी ले गया। मामले में 19 दिसंबर 2024 को हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। भाई की हत्या की धमकी देकर बयान बदलवाने का आरोप मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी, उसकी मां और साथियों की तरफ से लगातार समझौते का दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि मुकदमे में आरोपी के मुताबिक बयान नहीं देने पर उसके 11 साल के छोटे भाई की हत्या करने की धमकी दी गई। युवती के मुताबिक, कोर्ट में बयान देने के दौरान भी उसके भाई को बंधक बनाया गया। भाई की जान बचाने के डर से उसने घटना की पूरी सच्चाई न बताते हुए आरोपी के पक्ष में बयान दे दिया। बयान के कुछ दिन बाद भाई को छोड़ दिया गया। घर बदलने के बाद भी पीछा करने का आरोप युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने उसे और उसकी मां को परेशान करना जारी रखा। डर के कारण दोनों को पार्क रोड के पास का कमरा छोड़कर जियामऊ में किराए का मकान लेना पड़ा। आरोप है कि आरोपी कई बार आधी रात को ताला तोड़कर घर में घुसा और अश्लील हरकतें कीं। युवती ने गलत तरीके से छूने, गाली-गलौज और मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। मां के ऑफिस पर पहुंचकर अभद्रता का आरोप पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसकी मां के कार्यस्थल में भी पहुंचता है और अभद्रता करता है। साथ ही परिचितों और सहकर्मियों के बीच दोनों के खिलाफ आपत्तिजनक और झूठी बातें फैलाकर बदनाम करने की कोशिश करता है।
वह और उसकी मां जब घर से निकलती हैं तो आरोपी बिना नंबर और काली फिल्म लगी स्विफ्ट कार से उनका पीछा करता है। कभी-कभी चलती कार से असलहा निकालकर दिखाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि उसके पास पीछा करने, घर में घुसने, गेट तोड़ने के प्रयास और फोन पर धमकी व अश्लील बातचीत की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं। पीड़िता ने तंग आकर गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में इंस्पेक्टर गौतम पल्ली का कहना है केस दर्ज करके जांच की जा रही है।

