रामपुर में मंगलवार शाम एक दुष्कर्म के आरोपी युवक का शव जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक के परिजनों ने युवती पक्ष पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक युवक की पहचान ग्राम भैंसोडी निवासी गौरव (18 वर्ष) के रूप में हुई है। उसका गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा था, जिसके चलते दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका था। परिजनों का आरोप है कि युवती पक्ष के लोगों ने पूर्व में गौरव पर जानलेवा हमला भी किया था। मंगलवार को युवती के परिजनों ने गौरव सहित चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। परिजनों के अनुसार, दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में गौरव के घर दबिश दे रही थी। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे ग्रामीणों ने जंगल में गौरव का शव पेड़ से फंदे पर लटका देखा। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और युवती पक्ष पर गौरव की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।
जब पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगी, तो परिजनों ने विरोध किया और शव को गांव वापस लाने की मांग की। सीओ प्रीतम पाल सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने का प्रयास किया। विरोध के बाद पुलिस शव को गांव लेकर गई और परिजनों को दिखाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर रात 10:30 बजे जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ प्रीतम पाल सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों की शिकायत पर गौरव सहित चार लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि हत्या में युवती पक्ष की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

