‘दुश्मन के लिए हमारे पास कई सरप्राइज हैं’, ईरान की अमेरिका और इजरायल को खुली चेतावनी

‘दुश्मन के लिए हमारे पास कई सरप्राइज हैं’, ईरान की अमेरिका और इजरायल को खुली चेतावनी

Iran Warning US Israel: ईरान ने अमेरिका और इजरायल को एक बार फिर चेतावनी दी है। ईरान के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफजल शेकारची ने कहा है कि अगर देश के खिलाफ किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई की जाती है तो ईरान नई सैन्य तकनीक के साथ उसका जवाब देगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि दुश्मन के लिए ईरान के पास कई सरप्राइज तैयार हैं।

मिसाइल और ड्रोन को लेकर बड़ा दावा

शेकारची ने ईरानी सरकारी मीडिया से बातचीत में कहा कि ईरान के सशस्त्र बलों की स्थिति फिलहाल मजबूत है। उनके मुताबिक, पिछले दौर के संघर्षों की तुलना में ईरान ने अपनी सैन्य क्षमता को बेहतर किया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की मिसाइल और ड्रोन तकनीक पहले से ज्यादा एडवांस और शक्तिशाली हो गई है। उन्होंने कहा कि संभावित हमले की स्थिति में ईरान अपने नए सैन्य संसाधनों और तकनीकों का इस्तेमाल करेगा।

ईरान ने बदली युद्ध की रणनीति

ईरानी सैन्य प्रवक्ता ने कहा कि देश ने अपनी युद्ध रणनीति में बदलाव किया है। अब ईरान महंगे और भारी हथियारों के मुकाबले कम लागत वाले, लेकिन प्रभावी रक्षा उपकरणों के इस्तेमाल पर ज्यादा जोर दे रहा है।

शेकारची के मुताबिक, ईरान ने घरेलू स्तर पर रक्षा तकनीक विकसित करने और उसका इस्तेमाल बढ़ाने पर भी जोर दिया है। उनका कहना है कि इससे देश की सैन्य तैयारी पहले की तुलना में बेहतर हुई है।

पहले भी नए हथियारों की दी जा चुकी है चेतावनी

ईरान की तरफ से हाल के दिनों में इस तरह की चेतावनियां कई बार सामने आई हैं। 21 सितंबर को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने कहा था कि अमेरिका की ओर से दोबारा हमला होने पर ईरान अपनी रणनीति और हथियारों में बदलाव कर सकता है। उन्होंने नए हथियारों और नई क्षमताओं को युद्ध में शामिल करने की बात कही थी।

इससे पहले ईरानी सेना के एक प्रवक्ता ने भी दावा किया था कि मिसाइल और ड्रोन में नई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, कुछ मिसाइलों और ड्रोन में नई तकनीक जोड़ी गई है।

तनाव के बीच बढ़ रही बयानबाजी

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बीच दोनों पक्षों की तरफ से सैन्य चेतावनियां लगातार सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में ईरानी अधिकारियों ने किसी भी नए हमले की स्थिति में जवाबी कार्रवाई की बात कही है। वहीं, क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों और तनाव के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।

शेकारची का ताजा बयान भी इसी बढ़ते तनाव के बीच आया है। हालांकि, ईरान ने जिन ‘नई सैन्य तकनीकों’ और ‘सरप्राइज’ का जिक्र किया है उनके बारे में उन्होंने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *