ICC T20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के ईशान किशन नंबर-1 पर बरकरार हैं। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा टॉप-10 में कायम हैं, जबकि साउथ अफ्रीका के कॉनर एस्टरहुइजन ने 65 स्थान की बड़ी छलांग लगाई है।
ICC Men’s T20 Rankings: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से बुधवार को मेंस टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग जारी की गई, जिसमें साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन ने लंबी छलांग लगाई है। वह 65 अंकों की छलांग लगाकर 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन शीर्ष पर बरकरार हैं। ईशान किशन के अलावा भारत के अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा भी ICC मेंस टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप-10 में अपना स्थान बचाने में कामयाब रहे हैं। अभिषेक शर्मा जहां तीसरे स्थान पर काबिज हैं, वहीं तिलक वर्मा 7वें नंबर पर कायम हैं।
ICC मेंस T20 बल्लेबाजी रैंकिंग
मेंस टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग के टॉप-10 में साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस को एक स्थान का नुकसान हुआ है। अब वह 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के फिल साल्ट एक पायदान की छलांग लगाकर चौथे नंबर पर काबिज हो गए हैं। इसके अलावा पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान दूसरे, श्रीलंका के पथुम निसांका छठे, इंग्लैंड के जोस बटलर 8वें, हैरी ब्रूक 9वें और ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श 10वें नंबर पर बरकरार हैं।
ICC मेंस T20 बॉलिंग रैंकिंग
आईसीसी मेंस टी-20 बॉलिंग रैंकिंग की बात करें तो जिम्बाब्वे के ब्रैंड इवांस ने सभी का ध्यान खींचा है। वह चार स्थान के सुधार के साथ 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश के नासुम अहमद, वेस्टइंडीज के मैथ्यू फोर्ड और श्रीलंका के दुनिथ वेल्लालागे ने एक-एक पायदान की छलांग लगाई है। नासुम अहमद और दुनिथ वेल्लालागे क्रमशः 11वें और 13वें नंबर पर हैं, जबकि मैथ्यू फोर्ड 12वें नंबर पर हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान ICC पुरुष टी-20 बॉलिंग रैंकिंग में शीर्ष पर बरकरार हैं, जबकि भारत के वरुण चक्रवर्ती टॉप-10 में शामिल एकमात्र भारतीय गेंदबाज हैं। वरुण चक्रवर्ती 8वें नंबर पर कायम हैं।
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा दो पायदान चढ़कर 27वें नंबर पर पहुंच गए हैं। साउथ अफ्रीका के क्वेन मफाका को भी तगड़ा फायदा मिला है। वह 16 स्थान चढ़कर 38वें नंबर पर पहुंच गए हैं। ब्योर्न फोर्टुइन 37 स्थान की छलांग लगाकर 78वें नंबर पर काबिज हो गए हैं।
ICC मेंस T20 ऑलराउंडर रैंकिंग
आईसीसी टी-20 पुरुष ऑलराउंडर रैंकिंग में भारत के हार्दिक पांड्या 5वें नंबर पर बरकरार हैं। वह टॉप-10 में शामिल एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं। जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा शीर्ष पर काबिज हैं। नामीबिया के गेरहार्ड इरास्मस ने चार पायदान की छलांग लगाकर 8वें नंबर पर जगह बनाई है। गेरहार्ड इरास्मस की यह सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
Sports – Patrika | CMS


